Friday, November 27

सदर अस्पताल परिसर में बनेगी सड़क, पार्किंग और ड्रेनेज की सुविधा, हीरापुर में महिलाओं के लिए बनेगा सामुदायिक शौचालय

धनबाद। शहर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विधायक राज सिन्हा ने शनिवार को 1 करोड़ 9 लाख रुपये की दो विकास योजनाओं की शुरुआत की। इनमें डीएमएफटी फंड से सदर अस्पताल परिसर के विकास और विधायक निधि से हीरापुर में सामुदायिक शौचालय का निर्माण शामिल है। इन योजनाओं के पूरा होने से अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ-साथ बाजार पहुंचने वाले लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

पहली योजना के तहत डीएमएफटी फंड से एक करोड़ रुपये खर्च कर सदर अस्पताल परिसर का सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत अस्पताल के पुराने मुख्य द्वार से लेकर अस्पताल भवन तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग के लिए शेड, बेहतर जल निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट और फूलों की क्यारियां विकसित की जाएंगी। विधायक राज सिन्हा ने इस योजना का फीता काटकर उद्घाटन किया।

वहीं, दूसरी योजना के तहत हीरापुर स्थित विवेकानंद चौक के पास नौ लाख रुपये की लागत से सामुदायिक शौचालय बनाया जाएगा। इस योजना का विधायक ने शिलान्यास किया। खासकर हीरापुर बाजार आने वाली महिलाओं को सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसका निर्माण कराया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि सदर अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एक करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत कराई गई है। वहीं, हीरापुर बाजार में महिलाओं की जरूरत को देखते हुए सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। दोनों योजनाओं के पूरा होने से शहरवासियों को राहत मिलेगी।

Share.
Next Story
पलामू के खनन क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर जोर, डीएमएफटी की बैठक में बनी विकास योजनाओं की रूपरेखा
Exit mobile version