Tuesday, September 22

चतरा। झारखंड के चतरा में एसपी आवास के समीप दिनदहाड़े हुई प्राइवेट गार्ड की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वारदात आपसी रंजिश और विवाद का नतीजा थी। एक प्राइवेट गार्ड ने अपने ही साथी गार्ड को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान आरोपी ने दो राउंड फायरिंग की। पहली गोली कार की छत में जाकर धंस गई, जबकि दूसरी गोली सीधे मृतक गार्ड की आंख में लगी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों गार्ड चतरा बाईपास निर्माण कार्य के संवेदक विनीत उर्फ रॉकी यादव के निजी अंगरक्षक थे। किसी कार्य से ठेकेदार रॉकी यादव एसपी आवास पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों अंगरक्षकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपी ने अपने साथी पर गोली चला दी।
वारदात के बाद आरोपी गार्ड मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन एसपी आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना के बाद फायरिंग में बिहार पुलिस के एक जवान पर भी शुरुआती तौर पर संदेह जताया गया था, जिसके आधार पर उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। हालांकि जांच आगे बढ़ने पर स्पष्ट हुआ कि गोली प्राइवेट गार्ड ने ही चलाई थी। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मामले में हथियार, घटनास्थल और अन्य परिस्थितियों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Next Story
‘NEET पेपर लीक पर क्यों मौन है BJP’? – डॉ. एम. तौसीफ का सवाल
Exit mobile version