Monday, November 23

रांची। सीआइएसएफ के रांची स्थित क्षेत्रीय वेतन एवं लेखा कार्यालय में रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच पूरी करने के बाद सीबीआइ ने सहायक लेखा अधिकारी सुनील कुमार, लेखा अधिकारी संतोष कुमार महतो और सुजीत कुमार सिंह के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। तीनों पर सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने और पद का दुरुपयोग करने का आरोप है। सीबीआइ की जांच में यात्रा भत्ता, बाल शिक्षा भत्ता के बिल पास कराने और मूवमेंट ऑर्डर पर हस्ताक्षर करने के एवज में अवैध वसूली का मामला सामने आया है।

47 हजार रुपये लेते दो अधिकारी गिरफ्तारः

शिकायत के आधार पर सीबीआइ ने 27 अगस्त को जाल बिछाया। इस दौरान सहायक लेखा अधिकारी सुनील कुमार और लेखा अधिकारी संतोष कुमार महतो को 47 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, तीसरे आरोपी सुजीत कुमार सिंह को भी 1400 रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया था। अब जांच में जुटाये गये साक्ष्यों के आधार पर तीनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गयी है।

बिल पास करने के लिए मांगे थे 40 से 50 हजार रुपयेः

मामले की शुरुआत उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित मेजा ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनटीपीसी) में तैनात सीआइएसएफ के हेड कांस्टेबल रविकांत त्रिपाठी की शिकायत से हुई थी। उन्होंने 15 अगस्त 2026 को सीबीआइ से शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, वह अपनी इकाई के यात्रा भत्ता और 10 बाल शिक्षा भत्ता के बिल जमा करने तथा उनके भुगतान की प्रशासनिक स्वीकृति के लिए रांची स्थित क्षेत्रीय वेतन एवं लेखा कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि बिल पास करने और भुगतान स्वीकृत कराने के एवज में सहायक लेखा अधिकारी सुनील कुमार और लेखा अधिकारी संतोष कुमार महतो ने उनसे 40 से 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

मूवमेंट ऑर्डर पर हस्ताक्षर के लिए रोजाना 200 रुपये की मांगः

जांच के दौरान तीसरे आरोपी सुजीत कुमार सिंह की भूमिका भी सामने आयी। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता के रांची आगमन और आधिकारिक दौरे से संबंधित मूवमेंट ऑर्डर पर हस्ताक्षर करने के एवज में प्रतिदिन 200 रुपये रिश्वत मांगी थी।

 

Share.
Next Story
राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में दम दिखायेंगे झारखंड के 42 खिलाड़ी
Exit mobile version