Monday, November 23

रांची से दर्शन के लिए जा रहे थे सभी श्रद्धालु, मसलिया थाना क्षेत्र में सुबह 4:30 बजे हुआ हादसा; दो घायलों की हालत गंभीर

दुमका: झारखंड के दुमका जिले में सोमवार की सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रांची से पश्चिम बंगाल के तारापीठ मंदिर दर्शन करने जा रहे पांच लोग इस हादसे में घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हादसा मसलिया थाना क्षेत्र के साहेबगंज-गोबिंदपुर राजमार्ग पर गोटीडीह मोड़ के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। श्रद्धालु बोलेनो कार से तारापीठ जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। प्रारंभिक आशंका है कि लगातार सफर के कारण चालक को झपकी आ गई होगी, जिससे यह दुर्घटना हुई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका पहुंचाया।

अस्पताल में सभी पांच घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन चालकों की सतर्कता और पर्याप्त आराम की जरूरत सामने आई है।

Share.
Next Story
देवघर में थमने का नाम नहीं ले रहा साइबर ठगी का नेटवर्क, सात और अपराधी गिरफ्तार…जामताड़ा का ‘लाइट वर्जन’ बनता जा रहा जिला
Exit mobile version