केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और महापौर रोशनी खलखो ने की शिरकत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बच्चों की प्रस्तुतियों और दीपावली उपहार योजना ने समारोह को बनाया यादगार

रांची। झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ की ओर से कांके रोड स्थित सहदेव हाउस में भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। दीपावली के उल्लास, पारिवारिक आत्मीयता और व्यापारिक एकजुटता के बीच आयोजित इस समारोह में शहर के कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक चेहरे एक मंच पर नजर आए। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी और रांची की महापौर रोशनी खलखो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह में व्यापारियों और उनके परिवारजनों ने एक-दूसरे से मिलकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बच्चों के मनोरंजन और दीपावली उपहार योजना के विशेष ड्रॉ ने आयोजन को खास बना दिया।
दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुआ शुभारंभ
समारोह की शुरुआत भगवान श्री गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद संघ के अध्यक्ष अमरचंद बेगानी ने अतिथियों, पदाधिकारियों, सदस्यों और उनके परिवारजनों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन व्यापारिक परिवार के सदस्यों को एक-दूसरे के करीब लाने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों समेत विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से आए गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी : संजय सेठ
मुख्य अतिथि संजय सेठ ने उपस्थित व्यापारियों और उनके परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। व्यापारियों की मेहनत, समर्पण और उद्यमशीलता से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है और राष्ट्र की प्रगति को मजबूती मिलती है। उन्होंने व्यापारियों के सुख, समृद्धि और कारोबार में निरंतर वृद्धि की कामना की।
वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. महुआ माजी और महापौर रोशनी खलखो ने भी सभी को दीपावली की बधाई देते हुए जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने संघ की ओर से आयोजित पारिवारिक और सामाजिक मिलन समारोह की सराहना की।
बच्चों के कार्यक्रम और उपहार योजना ने बढ़ाया उत्साह
समारोह में बच्चों के लिए विशेष मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। वहीं, संघ की परंपरा के अनुसार दीपावली प्रतियोगिता और दीपावली उपहार योजना के तहत विशेष ड्रॉ का आयोजन किया गया। इसमें संघ के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वादिष्ट व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी। व्यापारियों और उनके परिवारजनों ने एक साथ समय बिताते हुए त्योहार की खुशियां साझा कीं।
व्यापार के साथ सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने का प्रयास
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ का उद्देश्य केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। संगठन सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास करता है। दीपावली मिलन समारोह इसी परंपरा का हिस्सा है, जहां सदस्य अपने परिवारों के साथ एकजुट होकर त्योहार मनाते हैं।
कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष अमरचंद बेगानी, विवेक मेहता, हैप्पी किंगर, सौरभ कटारुका, आशीष सिंघानिया, गौरव काबरा, महेश बजाज, पूर्व अध्यक्ष संतोष जैन, प्रवीण लोहिया, मुकेश काबरा, प्रमोद सारस्वत, एफजेसीसीआई अध्यक्ष तुलसी पटेल, महासचिव रोहित अग्रवाल, गिरीश मल्होत्रा, पवन शर्मा, सुरेश चंद्र अग्रवाल, विकास विजयवर्गीय, मनोज नरेड़ी, प्रतीक मोर और प्रकाश अरोड़ा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।


