रांची। JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच अब और आगे बढ़ गई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को लेकर CID की विशेष जांच टीम ने कार्रवाई तेज कर दी है।
CID थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत गठित SIT ने मामले से जुड़े 37 संदिग्धों और अन्य संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलने के बाद इन लोगों से अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
SIT की जांच का फोकस परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं की कड़ियों को जोड़ने पर है। टीम यह जानने में जुटी है कि परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों में किन लोगों की भूमिका रही और पूरे मामले में किस स्तर पर अनियमितता हुई।
CID की ओर से कहा गया है कि जांच अभी जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाली नई जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच एजेंसी ने यह भी संकेत दिया है कि जांच का दायरा आगे बढ़ सकता है। यानी आने वाले दिनों में कुछ और लोगों को भी पूछताछ के लिए जांच के दायरे में लाया जा सकता है।
फिलहाल 37 लोगों को नोटिस और उनसे पूछताछ के बाद JSSC CGL मामले में जांच की दिशा क्या सामने आती है, इस पर सबकी नजर है।
इसे भी पढ़े – पारस अस्पताल में 9 महीने की बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप; अस्पताल से जवाब मांगने पर टालमटोल
