Saturday, November 21

 बरहेट के सिमलढाब में निजी जमीन पर जेसीबी से गड्ढा खोदने का आरोप, विरोध करने पर मारपीट और हथियार दिखाकर धमकाने की शिकायत

साहिबगंज। साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और हथियार दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है। सिमलढाब के मनु टोला में हुई इस घटना को लेकर अल्फा बाउंसर एजेंसी के संचालक समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बाउंसर संचालक शिवम साह सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

निजी जमीन पर जेसीबी से खुदाई का आरोप

शिकायतकर्ता मोहन सोरेन के अनुसार, उनकी निजी जमीन पर अल्फा बाउंसर संचालक शिवम साह अन्य लोगों के साथ पहुंचे थे। उनके साथ पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता जोन चुण्डा हांसदा समेत अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि सभी जेसीबी मशीन से जमीन पर गड्ढा खोदने लगे।

विरोध करने पर मारपीट और धमकी की शिकायत

मोहन सोरेन का आरोप है कि जब उन्होंने और उनके साथ मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। साथ ही बंदूक दिखाकर धमकाने की भी शिकायत की गई है। उनका कहना है कि घटना का वीडियो बनाने की कोशिश करने पर भी उन्हें डराया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

मामले में बरहेट थाना पुलिस ने कांड संख्या 129/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने अल्फा बाउंसर संचालक शिवम साह, अनिल मिश्रा और पीयूष कुमार को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सहायक अभियंता ने आरोपों से किया इनकार

वहीं, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता जोन चुण्डा हांसदा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी के साथ मारपीट नहीं की और अपनी सुरक्षा के लिए बाउंसरों को साथ लेकर पहुंचे थे।

Share.
Next Story
ऑड्रे हाउस में सांस्कृतिक पखवाड़ा का आगाज, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
Exit mobile version