Saturday, November 21

धनबाद/रांची : कतरास थाना क्षेत्र के रानी बाजार गुरुद्वारा के समीप एक किराए के मकान के बंद कमरे से 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नीरज सिन्हा के रूप में हुई है। वह सहदेव सिंह के मकान में किराए पर अकेले रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत दो से चार दिन पहले हुई होगी।

जानकारी के अनुसार, नीरज सिन्हा पिछले दो से चार दिनों से अपने कमरे से बाहर नहीं निकले थे। इस बीच कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। दुर्गंध महसूस होने पर आसपास रहने वाले किरायेदारों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने इसकी सूचना मकान मालिक सहदेव सिंह को दी। इसके बाद मकान मालिक ने नीरज के परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने कतरास थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर नीरज सिन्हा का शव पड़ा मिला, जो काफी फूल चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

बताया जाता है कि नीरज सिन्हा अविवाहित थे और किराए के मकान में अकेले रहते थे। उनके पिता स्वर्गीय सुरेंद्र नारायण सिन्हा टाटा में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। पिता के निधन के बाद से नीरज अकेले ही जीवन बिता रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह अक्सर नशे का सेवन भी करते थे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बंद कमरे में कई दिनों तक शव पड़े रहने और दुर्गंध आने के बाद मौत का पता चलने की इस घटना से आसपास के लोग स्तब्ध हैं।

Share.
Next Story
108 एंबुलेंस हड़ताली कर्मचारियों पर लगेगा एस्मा
Exit mobile version