खान और खनिज (विकास और विनिमयन) संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के जरिए कांग्रेस झारखंड की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।
JMM-कांग्रेस गठबंधन पर सीधा हमला
कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन पर निशाना साधते हुए आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड में कोयला, आयरन ओर, पत्थर और बॉक्साइट समेत अन्य खनिज संपदाओं की बड़े पैमाने पर लूट हो रही है। उन्होंने दावा किया कि अवैध कोयला खनन के जरिए गठबंधन सरकार ने बीसीसीएल (BCCL) को आर्थिक रूप से बदहाल करने का काम किया है।
CISF तैनाती का जिक्र, चतरा-लातेहार-दुमका-गोड्डा में भी मांग
आदित्य साहू ने बताया कि केंद्र सरकार की पहल पर बीसीसीएल की खदानों से कोयला चोरी रोकने के लिए पहले ही सीआईएसएफ (CISF) की तैनाती की जा चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने चतरा, लातेहार, दुमका और गोड्डा के खनन क्षेत्रों में भी सीआईएसएफ तैनात करने की मांग रखी है, ताकि इन इलाकों में हो रहे अवैध खनन पर लगाम लगाई जा सके।
“कांग्रेस के लिए झारखंड सिर्फ एटीएम” — साहू का तीखा हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए झारखंड मात्र एक “एटीएम” बनकर रह गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित खनिज संशोधन विधेयक लागू होने से राज्य में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगेगी और इसके साथ ही कांग्रेस की तथाकथित “काली कमाई” पर भी अंकुश लगेगा।


