Wednesday, November 25

पहले दिन SIR पर प्रदीप यादव और बाबूलाल मरांडी के बीच तीखी बहस, हंगामे के कारण दोपहर 2 बजे तक स्थगित हुई कार्यवाही; दूसरे दिन माइंस एंड मिनरल्स अमेंडमेंट एक्ट 2026 के संशोधनों पर होगी चर्चा

झारखंड : झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र राज्य के लोकतांत्रिक अधिकारों और आर्थिक हितों से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर चर्चा में है। सत्र के पहले दिन जहां एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की प्रक्रिया को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली, वहीं दूसरे दिन खनिज संपदा और राज्य के वित्तीय हितों से जुड़े मुद्दे सदन के केंद्र में रहेंगे। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने बताया कि विशेष सत्र में राज्य के वर्तमान हितों के साथ-साथ भविष्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार किया जाएगा।

SIR पर चर्चा के दौरान सदन में हुआ हंगामा

विशेष सत्र के पहले दिन एसआईआर की प्रक्रिया और उससे जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा के दौरान सदन का माहौल गरमा गया। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका उद्देश्य नागरिकों के मताधिकार की रक्षा करना होना चाहिए, न कि उन्हें मतदान के अधिकार से वंचित करना। उन्होंने आरोप लगाया कि एक गलत मतदाता की पहचान करने के नाम पर पूरे देश के नागरिकों को परेशान किया जा रहा है।

प्रदीप यादव ने एसआईआर को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मरांडी जनता की आवाज उठाने के बजाय निर्वाचन आयोग का पक्ष लेते नजर आ रहे हैं।

इस पर बाबूलाल मरांडी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री की जगह बार-बार उनका नाम लेना उचित नहीं है। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते एसआईआर पर चर्चा राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई। सदन में बढ़ते हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।

दूसरे दिन खनिज कानून के संशोधनों पर आएगा संकल्प

विशेष सत्र के दूसरे दिन 26 नवंबर को खनन और खनिज क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में उठाए जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के अनुसार, माइंस एंड मिनरल्स अमेंडमेंट एक्ट 2026 में किए गए संशोधनों पर पुनर्विचार करने अथवा उन्हें वापस लेने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने से संबंधित संकल्प सदन में पेश किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। ऐसे में खनन गतिविधियों के कारण होने वाले विस्थापन, पर्यावरणीय क्षति, खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और राज्य के वित्तीय हितों पर गंभीरता से विचार करना जरूरी है। इन विषयों का असर सीधे राज्य की अर्थव्यवस्था और आम लोगों के जीवन पर पड़ता है।

संविधान दिवस पर संविधान के आदर्शों को दोहराने का अवसर

विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि विशेष सत्र का दूसरा दिन संविधान दिवस है। यह अवसर संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का है।

इस तरह विशेष सत्र के पहले दिन मतदाता अधिकारों और एसआईआर की प्रक्रिया पर राजनीतिक बहस देखने को मिली, जबकि दूसरे दिन खनिज संसाधनों, राज्य के आर्थिक हितों और केंद्र सरकार की नीतियों से जुड़े मुद्दों पर सदन में चर्चा होने की संभावना है।

Share.
Next Story
अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ देखने उमड़ी भीड़, रोकना पड़ा फाइनल मुकाबला
Exit mobile version