Tuesday, September 15

रांची: झारखंड में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रविवार यानी 30 अगस्त को राज्य के 15 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि 31 अगस्त को रांची समेत पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

शनिवार को भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, लातेहार में सबसे अधिक 61 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा दारीसाई में 27 मिमी, देवघर में 19 मिमी, रांची में 15 मिमी, सरायकेला-खरसावां में 13 मिमी, जगन्नाथपुर में 11 मिमी, कोडरमा में 9 मिमी, खूंटी में 5 मिमी तथा हजारीबाग और सिमडेगा में 2-2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

आज 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 अगस्त को रांची समेत खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, दुमका, देवघर और जामताड़ा में भारी बारिश हो सकती है।

इन जिलों के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

31 अगस्त को इन 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 31 अगस्त को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की आशंका है।

वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

1 और 2 सितंबर को भी कई जिलों में बारिश

झारखंड में बारिश का दौर सितंबर की शुरुआत में भी जारी रहने की संभावना है। 1 सितंबर को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

वहीं 2 सितंबर को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य के बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

सामान्य से 10 फीसदी कम हुई है अब तक बारिश

बारिश के लगातार दौर के बावजूद झारखंड में इस मॉनसून सीजन में अब तक सामान्य से करीब 10 फीसदी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मॉनसून का सामान्य समय 1 जून से 30 सितंबर तक माना जाता है। इस अवधि में झारखंड में औसतन करीब 1400 मिमी बारिश होती है।

आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 29 अगस्त के बीच राज्य में सामान्य बारिश 786.5 मिमी होनी चाहिए थी, लेकिन इस अवधि में 710.6 मिमी बारिश ही दर्ज की गई। इस हिसाब से राज्य में अब तक सामान्य से लगभग 10 फीसदी कम बारिश हुई है।

हालांकि, कुछ जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर रहा है। रांची में सामान्य से 7 फीसदी, पश्चिमी सिंहभूम में 44 फीसदी, सिमडेगा में 5 फीसदी, साहिबगंज में 9 फीसदी और खूंटी में 2 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं पूर्वी सिंहभूम में बारिश सामान्य के लगभग बराबर पहुंच गई है।

इसे भी पढ़े – पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति ने भी तोड़ा दम, 30 मिनट में छूटा जिंदगी का साथ

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
नहीं पहुंचे CM हेमंत सोरेन, प्रतिनिधि के तौर पर JMM विधायक विकास मुंडा को भेजा आदिवासी महाजुटान में
Exit mobile version