Friday, November 6

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बाएं पैर में लगी गोली; 7.62 एमएम पिस्टल, कारतूस, मोबाइल और गिरोह के पर्चे बरामद

उरीमारी में रंगदारी और गोलीबारी की घटना के बाद हजारीबाग पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के सक्रिय सदस्य अंशु दुबे को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने करमाटीला जंगल पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अंशु दुबे के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला 26 और 27 अक्टूबर की मध्यरात्रि का है। करीब 12:30 बजे उरीमारी स्थित सैनिक माइनिंग कंपनी के गेट पर राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों ने रंगदारी नहीं मिलने से नाराज होकर गोलीबारी की थी। इस दौरान कंपनी के निजी सुरक्षाकर्मी को निशाना बनाया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। वारदात के बाद घटनास्थल पर राहुल दुबे गिरोह का पर्चा भी फेंका गया था। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

जांच में सामने आया अंशु दुबे का नाम

गोलीबारी की घटना की जांच के दौरान पुलिस को राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य अंशु दुबे की संलिप्तता के सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उरीमारी ओपी में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने गिरोह से जुड़े होने और राहुल दुबे के निर्देश पर अलग-अलग स्थानों पर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, अंशु ने उरीमारी में सैनिक माइनिंग कंपनी के गेट पर हुई गोलीबारी में भी अपनी संलिप्तता बताई।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पूछताछ में अंशु दुबे ने पुलिस को बताया कि गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार और राहुल दुबे गिरोह के पर्चे करमाटीला जंगल में छिपाकर रखे गए हैं। इसके बाद पुलिस की एक टीम उसे साथ लेकर हथियार बरामद करने जंगल पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, बरामदगी की कार्रवाई के दौरान अंशु दुबे ने अचानक पुलिस जवानों को धक्का दिया और छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली अंशु दुबे के बाएं पैर में लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे काबू में कर लिया और घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया।

पिस्टल, कारतूस और गिरोह के पर्चे बरामद

पुलिस ने अंशु दुबे की निशानदेही पर करमाटीला जंगल से एक 7.62 एमएम पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, राहुल दुबे गिरोह के दो पर्चे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद हथियार और अन्य सामान को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

इस कार्रवाई को उरीमारी में रंगदारी और गोलीबारी की घटनाओं में शामिल गिरोह के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल घायल आरोपी का इलाज जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।

Share.
Next Story
खूंटी में सात लोगों की मौत से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, मुआवजे और सुरक्षा की मांग पर सड़क जाम
Exit mobile version