ड्रोन सर्विलांस से जंगल में मिले अवैध खनन के कई स्थल, मशीनरी और उपकरण भी जब्त; कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 4.95 लाख रुपये
हजारीबाग : झारखंड OCP केदला क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और भंडारण के खिलाफ CISF ने विशेष अभियान चलाकर 96.330 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया है। 25 नवंबर को चलाए गए इस अभियान में अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। CISF और CCL प्रबंधन के संयुक्त अभियान में जब्त कोयले और उपकरणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 4.95 लाख रुपये बताई गई है। CISF यूनिट CCL NK एवं पिपरवार के कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान में CCL चरही के महाप्रबंधक कल्याण जी प्रसाद ने समन्वय और सहयोग किया। CISF के उप कमांडेंट दिनेश कुमार पूरी कार्रवाई की समीक्षा कर रहे थे।
कार्रवाई झारखंड OCP और झारखंड कोलियरी के लीज क्षेत्र के आसपास के जंगलों और संवेदनशील इलाकों में की गई। CISF के अनुसार, जब्त किए गए 96.330 मीट्रिक टन कोयले का अनुमानित मूल्य 2,45,159.85 रुपये है। यह मूल्य CCL प्रबंधन की ओर से निर्धारित 2,545 रुपये प्रति मीट्रिक टन की दर से आंका गया है।
अभियान के दौरान ड्रोन से जंगल और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की गई। इसमें अवैध खनन के कई स्थलों की पहचान हुई। इसके बाद CCL प्रबंधन की ओर से उपलब्ध कराए गए डोजर की मदद से चिह्नित स्थलों पर अवैध खनन से जुड़ी संरचनाओं को ध्वस्त किया गया।
छापेमारी में अन्य सामान भी बरामद
छापेमारी में छह ड्रिल मशीन, एक भट्ठी, दो चेंजर, होंडा पंप, पाइप, पांच एचपी का पंप, जनरेटर, तार, बेलचे और अन्य उपकरण जब्त किए गए। CCL प्रबंधन ने इनकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई है। जब्त मशीनरी और अन्य सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए CCL चरही प्रबंधन को सौंप दिया गया।
अभियान में CISF के इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार और आरके सिंह समेत अन्य जवान शामिल रहे। वहीं CCL की ओर से एएसओ राजकुमार, क्षेत्रीय सुरक्षा निरीक्षक मनेही राजभर, इंस्पेक्टर आरके विमल, इंस्पेक्टर ईश्वरी उरांव और वरुण साह सहित अन्य अधिकारी व कर्मियों ने भाग लिया। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई है।
