राजपुरा ओसीपी में महिला और पुरुष पर मारपीट का आरोप, घटना के बाद मजदूरों और सुरक्षाकर्मियों में आक्रोश
मैथन (धनबाद)। धनबाद में कोयला चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कोयला चोरी रोकने की कोशिश करने वाले सुरक्षाकर्मियों को भी अब निशाना बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में ईसीएल के मुगमा एरिया अंतर्गत राजपुरा ओपन कास्ट परियोजना (ओसीपी) में एक सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। शुक्रवार की सुबह ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी को कथित तौर पर एक महिला और पुरुष ने घेरकर डंडों और मुक्कों से पीट दिया। घटना में वह घायल हो गए और उनके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे दिलीप सतनामी मोटरसाइकिल से राजपुरा ओसीपी से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान दो लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि महिला और पुरुष ने डंडों तथा मुक्कों से उन पर हमला किया। अचानक हुई इस घटना से परियोजना में कार्यरत अन्य सुरक्षाकर्मियों और मजदूरों में नाराजगी फैल गई।
कोयला चोरी रोकने को लेकर हुआ विवाद
बताया जाता है कि परियोजना में कोयला चोरी रोकने को लेकर सुरक्षाकर्मी और आरोपितों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपितों ने दिलीप सतनामी पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। घटना ने परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बीसीकेयू ने जताया विरोध
घटना की जानकारी मिलने पर बीसीकेयू के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि राजपुरा परियोजना में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी कोयला चोरी रोकने के दौरान मजदूरों और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
उन्होंने कहा कि परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से मजदूरों और सुरक्षाकर्मियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। प्रबंधन को मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए।
