Tuesday, November 24
कोल माइंस की टेस्टिंग को लेकर ग्रामीणों ने किया था हंगामा, जीएम और सीओ समेत सात लोगों को बनाया था बंधक

दुमका। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर गांव में प्रस्तावित कोल माइंस की टेस्टिंग को लेकर हुए हंगामे के बाद सिनर्जी जियोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जनरल मैनेजर (जीएम) सागर सिंह मीणा का निजी चालक अखिलेश कुमार पाल लापता हो गया है। घटना के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चालक कहां गया और किन परिस्थितियों में लापता हुआ।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात प्रस्तावित कोल माइंस की टेस्टिंग को लेकर ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा, अंचल अधिकारी (सीओ) कपिल देव ठाकुर समेत कुल सात लोगों को बंधक बना लिया था।

बंधकों को मुक्त कराने के लिए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में करीब एक दर्जन पुलिस जवानों और कंपनी के जीएम को गंभीर चोटें आईं। वहीं, पथराव के दौरान पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

हंगामे के बाद जीएम के निजी चालक के लापता होने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और चालक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। फिलहाल उसके लापता होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Share.
Next Story
29 नवंबर से शुरू होगा ईसाईयों का आगमन काल, आशा, शांति, आनंद और प्रेम के रंग में रंगेगा रांची 
Exit mobile version