Saturday, November 21

 आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए कमेटियों का किया गठन; झारखंड को सूची में नहीं मिली जगह।

रांची: आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने पांच राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 16 नवंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। घोषित सूची में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इस सूची में झारखंड का नाम नहीं है। वहीं, झारखंड के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर को मणिपुर की स्क्रीनिंग कमेटी में सदस्य बनाया गया है।

पांच राज्यों के लिए अलग-अलग नेताओं को मिली जिम्मेदारी

कांग्रेस की ओर से जारी सूची के अनुसार, उत्तर प्रदेश की स्क्रीनिंग कमेटी की कमान अजय माकन को सौंपी गई है। उनके साथ असलम शेख और बीवी श्रीनिवास को सदस्य बनाया गया है।

पंजाब के लिए डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद को चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। सचिन सावंत और निवेदित अल्वा इस कमेटी में सदस्य की भूमिका निभाएंगे।

वहीं, उत्तराखंड की स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष दीप दासमुंशी को बनाया गया है। इसमें अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

गोवा और मणिपुर कमेटी में भी नियुक्तियां

गोवा के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी की जिम्मेदारी केजे जॉर्ज को दी गई है। सतीश डी पाटिल और शफी परांबिल को कमेटी का सदस्य बनाया गया है।

इसी तरह मणिपुर की स्क्रीनिंग कमेटी की कमान बीएम संदीप को सौंपी गई है। इस कमेटी में हिबी ईडन के साथ झारखंड के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर को भी सदस्य बनाया गया है।

झारखंड को नहीं मिली जगह, राजनीतिक हलकों में चर्चा

पांच राज्यों के लिए जारी स्क्रीनिंग कमेटियों की सूची में झारखंड को शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में राज्य के कांग्रेस नेताओं और राजनीतिक हलकों में इस फैसले को लेकर चर्चा हो सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से झारखंड को सूची से बाहर रखने के संबंध में कोई अलग वजह स्पष्ट नहीं की गई है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने इन सभी कमेटियों के गठन को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है। इसके अलावा संबंधित राज्यों के प्रभारी महासचिव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक दल के नेता और AICC सचिव भी इन कमेटियों में पदेन सदस्य होंगे।

 

Share.
Next Story
निशा भगत केस में CBI का बड़ा एक्शन, ज्योत्सना और अजय तिर्की के ठिकानों पर 8 घंटे तलाशी
Exit mobile version