रांची, 21 अगस्त। सरला बिरला विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नए विद्यार्थियों के लिए “एआई युग के लिए अपनी सोच और सीखने की क्षमता का विकास” विषय पर एक्सपर्ट टॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव एवं आईएएस अधिकारी नितिन मदन कुलकर्णी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में कुलकर्णी ने विद्यार्थियों से तकनीक को अपनाने के साथ-साथ अपनी सीखने की क्षमता को लगातार विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समय की जरूरत के अनुसार नए कौशल सीखने और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने पर भी ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र लंबे समय तक करियर सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकते। विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने लक्ष्य के प्रति सजग रहने की सीख देते हुए कहा कि अपने लक्ष्य पर बाज जैसी नजर रखें।
एआई को बनाएं सीखने का सहायक
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा करते हुए कुलकर्णी ने कहा कि एआई के कारण नौकरियों की प्रकृति में बदलाव आ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को एआई का इस्तेमाल सीखने की प्रक्रिया में एक सहायक के रूप में करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने चेताया कि अपने कार्य और सोच को पूरी तरह एआई पर निर्भर नहीं करना चाहिए।
उन्होंने आलोचनात्मक चिंतन, स्वतंत्र निर्णय क्षमता, तथ्यों के सत्यापन, एकाग्रता, ध्यान और निरंतरता को सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया। मानवीय क्षमताओं की चर्चा करते हुए उन्होंने एथिकल जजमेंट, क्रिएटिविटी, क्रिटिकल थिंकिंग और कॉमन सेंस को भविष्य के दौर में भी बेहद महत्वपूर्ण बताया।
विद्यार्थियों के सवालों का दिया जवाब
कार्यक्रम के दौरान नितिन मदन कुलकर्णी ने अपने प्रशासनिक अनुभवों और विचारों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब भी दिए और बदलते तकनीकी दौर में खुद को लगातार अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया।
एक्सपर्ट टॉक में सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, कुलसचिव प्रो. एस. बी. दंडीन सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायक पहल बताया।
