Saturday, October 31

देवघर: ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल पेमेंट से जुड़ी सेवाओं के नाम पर लोगों को ठगने वाले साइबर अपराधियों के एक गिरोह का देवघर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोन-पे के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से नौ मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी सक्रिय हैं। सूचना के मुताबिक, आरोपी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट और अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक के अधिकारी और गूगल पर फोन-पे कस्टमर केयर बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।

सूचना की पुष्टि के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डकाय जंगल में छापेमारी की। इस दौरान पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से नौ मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस अब बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच के जरिए गिरोह की गतिविधियों और संभावित ठगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम कुमार दास, विकास कुमार महरा, अशोक महरा, मणिक कुमार मंडल और अजीत दास के रूप में हुई है। इनमें चार आरोपी देवघर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जबकि मणिक कुमार मंडल दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र का निवासी है।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है।

Share.
Next Story
अब गांव के बच्चे भी बनेंगे टेक्नोलॉजी के जानकार, देवघर के अमजो में खुला आधुनिक विज्ञान केंद्र
Exit mobile version