बोकारो। आस्था और विश्वास को हथियार बनाकर लोगों को ठगने वाले शातिरों ने साधु का वेश धारण कर ठगी का नया तरीका अपनाया था। घर में खाना मांगने के बहाने प्रवेश करना, फिर आशीर्वाद और चमत्कार के नाम पर परेशानी दूर करने का भरोसा देना। इसी तरीके से बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप टू निवासी बबीता देवी को दो ठगों ने अपना शिकार बनाया। हालांकि, पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी आपस में सगे भाई हैं और बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं।
मामले की जानकारी देते हुए नगर डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि दोनों आरोपी साधु के भेष में बबीता देवी के घर पहुंचे थे। उन्होंने महिला से खाना मांगा। महिला ने उन्हें भोजन कराया। इसी दौरान बातचीत में महिला ने अपनी परेशानियों का जिक्र किया। दोनों ने इसका फायदा उठाते हुए चमत्कार और आशीर्वाद से उनकी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद आरोपियों ने महिला से घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लाकर आशीर्वाद लेने को कहा। उनकी बातों में आकर महिला ने अपना सोने का मंगलसूत्र और कान का टॉप्स उन्हें दे दिया। ठगों ने बड़ी चालाकी से असली सोने के आभूषण अपने पास रख लिए और बदले में साड़ी में पीतल के 10 लॉकेट बांधकर महिला को थमा दिए। साथ ही हिदायत दी कि शाम पांच बजे के बाद ही साड़ी खोलें। जब महिला ने शाम को साड़ी खोली तो उनके होश उड़ गए। सोने के आभूषण गायब थे और उनकी जगह पीतल के लॉकेट मिले।
शिकायत के बाद पुलिस ने बिछाया जाल
ठगी का एहसास होने पर बबीता देवी ने बीएस सिटी थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कांड संख्या 234/2026 के तहत मामला दर्ज किया। नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को दोनों आरोपियों के बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास तंबू में रहने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
ठगी का सामान बरामद, दोनों निकले सगे भाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शम्भु लाठौर (करीब 30 वर्ष) और गयालाल लाठौर (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बिहार के गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के बेलाडीह गांव के निवासी हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर ठगी का सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, मां दुर्गा के 20 और हनुमान जी के 20 पीतल के लॉकेट बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 50 रंग-बिरंगे पत्थर, पीतल के 10 ताबीज और 10 अंगूठियां भी मिली हैं।
साधु के वेश में घूम रहे ठगों से सतर्क रहने की अपील
डीएसपी राजीव रंजन ने लोगों से अपील की है कि आशीर्वाद, चमत्कार या परेशानी दूर करने का दावा करने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि ऐसे ठग साधु का वेश धारण कर न केवल लोगों की आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं, बल्कि साधु-संतों के सम्मान को भी ठेस पहुंचा रहे हैं।
