Saturday, October 31

अनंतपुर: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में स्कूल के भीतर दसवीं कक्षा की एक छात्रा पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। जिसमें लड़की की सहपाठी भी घायल हो गई है। शनिवार, 31 अक्टूबर को राप्ताडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में कक्षा चलने के दौरान दो युवक कमरे में दाखिल हुए और छात्रा पर लकड़ी काटने वाली मशीन से हमला कर दिया। घटना में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय कक्षा में एक शिक्षक भी मौजूद थे। हमला करने के बाद दोनों युवक स्कूल से फरार हो गए। वे लकड़ी काटने वाली मशीन को कक्षा में ही छोड़ गए। पुलिस ने बताया है कि फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। हमले के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।

सहपाठियों ने बाहरी युवकों के कक्षा में घुसने की कही बात 

छात्रा के सहपाठियों के अनुसार, हमला करने वाले दोनों युवक स्कूल के विद्यार्थी नहीं थे। वे कक्षा में घुसे और छात्रा को निशाना बनाया। हालांकि, पुलिस अभी आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री ने दिए जल्द गिरफ्तारी के निर्देश

घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चिंता जताई है। उन्होंने अधिकारियों से छात्रा की स्थिति और उसे दिए जा रहे इलाज की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पुलिस को आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तार करने और कानून के मुताबिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रा के इलाज को प्राथमिकता दी जाए और वह खुद उसके स्वास्थ्य में सुधार पर नजर रख रहे हैं।

राज्य के आईटी, मानव संसाधन विकास और रियल टाइम गवर्नेंस मंत्री नारा लोकेश ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि स्कूल के भीतर छात्रा पर हुए हमले को लेकर वह बेहद व्यथित हैं और इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, भाजपा के आंध्र प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पीवीएन माधव ने भी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है।

Share.
Next Story
आशीर्वाद के नाम पर खेल रहे थे ठगी का खेल, मंगलसूत्र लेकर थमा दिए पीतल के लॉकेट
Exit mobile version