रांची: एशियन गेम्स में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे समेत झारखंड की चार खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आदिवासी संगठनों और पूर्व हॉकी खिलाड़ियों की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, दीपिका सोरेंग और ब्यूटी डुंगडुंग को सम्मान मिला। इस दौरान कप्तान सलीमा टेटे ने झारखंड सरकार से खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि को लेकर जल्द घोषणा करने की अपील की।
सलीमा टेटे ने कहा कि जब भी खिलाड़ी किसी बड़े टूर्नामेंट से जीतकर झारखंड लौटते हैं और यहां उनका स्वागत व सम्मान होता है, तो इससे उनका मनोबल बढ़ता है। ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करते हैं और उन्हें खेल को करियर के रूप में चुनने का हौसला देते हैं।
हरियाणा में 3 करोड़ रुपये, झारखंड में पुरस्कार राशि की घोषणा का इंतजार
सम्मान समारोह में सलीमा टेटे ने खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली हरियाणा की खिलाड़ियों को वहां की सरकार की ओर से तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि झारखंड के खिलाड़ियों के लिए अब तक पुरस्कार राशि की घोषणा नहीं हुई है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड सरकार भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों को देखते हुए जल्द निर्णय लेगी। सलीमा के मुताबिक, खिलाड़ियों को आर्थिक सम्मान मिलने से नई पीढ़ी को प्रोत्साहन मिलेगा। जब युवा देखेंगे कि खेल में मेहनत और सफलता के लिए सम्मान के साथ आर्थिक सहायता भी मिलती है, तो वे भी खेलों में अपना भविष्य बनाने के लिए आगे आएंगे।
‘आज चार खिलाड़ी हैं, आगे झारखंड के और खिलाड़ी सम्मानित हों’
सलीमा ने कहा कि आज मंच पर चार खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन उनकी उम्मीद है कि आने वाले समय में झारखंड के कई और खिलाड़ी इसी तरह सम्मानित हों। उन्होंने चोट के कारण खेल से दूर चल रहीं संगीता कुमारी का भी जिक्र किया और उनके जल्द मैदान पर वापसी करने की उम्मीद जताई।
हॉकी के साथ दूसरे खेलों को भी मिले बढ़ावा
सलीमा टेटे ने कहा कि राज्य सरकार को हॉकी के साथ फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल समेत सभी खेलों पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने माना कि खिलाड़ियों को सहयोग मिल रहा है, लेकिन आने वाली पीढ़ी के लिए खेलों से जुड़ी सुविधाओं और प्रोत्साहन को और बेहतर बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित करने से उनका हौसला बढ़ता है, वहीं सरकार की ओर से आर्थिक प्रोत्साहन मिलने पर युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इसे भी पढ़े – एशियन गेम्स 2026 में झारखंड की बेटियों का जलवा, पीएम मोदी को सलीमा टेटे ने भेंट की हॉकी स्टिक
