रांची: JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को हुए विधानसभा घेराव और प्रदर्शन के बाद देर रात रांची के DC और SSP ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रशासन ने दिनभर की घटनाओं को लेकर जानकारी साझा की और प्रदर्शन में शामिल छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन समाप्त कर घर लौटने की अपील की।
14 पुलिसकर्मी घायल, एक की हालत गंभीर
जिला प्रशासन के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान 14 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें एक पुलिसकर्मी की स्थिति गंभीर बताई गई है। प्रशासन ने कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान छात्रों और पुलिस की ओर से काफी हद तक संयम बरता गया, लेकिन कुछ लोगों ने स्थिति को बिगाड़ने की कोशिश की।
छात्रों की आड़ में असामाजिक तत्वों पर माहौल बिगाड़ने का आरोप
प्रशासन ने दावा किया कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच की जाएगी और उसके आधार पर ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि कुछ लोगों ने छात्रों को भड़काने का भी प्रयास किया। हालांकि, बड़ी संख्या में छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे।
दूसरे जिलों के छात्रों की मदद करेगा प्रशासन
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला प्रशासन ने बताया कि ऐसे छात्र जिन्हें रांची से अपने दूसरे जिलों में वापस जाना है और उन्हें आवागमन में परेशानी हो रही है, उनके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। प्रशासन जरूरतमंद छात्रों को घर लौटने में सहायता करेगा।
रांची DC ने प्रदर्शन में शामिल छात्रों से अपील की कि अगर उन्हें घर लौटने में किसी तरह की परेशानी हो रही है, तो वे जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दें।
स्कूल बंद रखने की सलाह, अंतिम फैसला प्रबंधन का
सोमवार की घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को मंगलवार को स्कूल बंद रखने की सलाह दी है। हालांकि, स्कूल खुलेंगे या बंद रहेंगे, इसका अंतिम निर्णय संबंधित स्कूल प्रबंधन पर होगा।
प्रशासन की अपील-शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करें
जिला प्रशासन ने छात्रों से अपील की कि वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में सहयोग किया जाएगा, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देर रात तक प्रशासन पूरे घटनाक्रम से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की समीक्षा में जुटा रहा।
इसे भी पढ़े – खेलगांव में सितंबर में सजेगा पिकलबॉल का मैदान, कोच्चि नेशनल के लिए यहीं तय होगी झारखंड टीम
