बोकारो: चास नगर निगम क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को समाहरणालय में मेयर, उप मेयर और सभी वार्ड पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने वार्डवार समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
पेयजल, साफ-सफाई और रोशनी की होगी वार्डवार समीक्षा
उपायुक्त ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पेयजल, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई व्यवस्था की वार्डवार नियमित समीक्षा की जाएगी। जिन वार्डों में पेयजल की समस्या है, उनकी जानकारी जुटाकर समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पेयजल व्यवस्था को लेकर अलग से समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी।
साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
तीन दिनों में ठीक होंगी खराब स्ट्रीट लाइटें
स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लाइट इंस्पेक्टर का लॉगबुक संधारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिन के समय खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाए और शाम के समय क्षेत्र का भ्रमण कर प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत अधिकतम तीन दिनों के भीतर पूरी की जाए।
हर वार्ड में बनेगी मोहल्ला लाइब्रेरी
बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ने सभी वार्डों में मोहल्ला लाइब्रेरी विकसित करने की पहल करने को कहा। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में उपयुक्त स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर ऐसे स्थान विकसित करने पर जोर दिया, जहां विद्यार्थी शांत और सुविधाजनक वातावरण में अध्ययन कर सकें।
स्वतंत्रता दिवस पर साफ-सफाई और रोशनी पर जोर
उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। नगर क्षेत्र में विशेष रूप से साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
बैठक में मेयर भोलू पासवान, उप मेयर पूजा कुमारी और सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और आवश्यकताएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़े – JSSC-JPSC की कथित अनियमितताओं के खिलाफ ABVP का विधानसभा मार्च 11 अगस्त को


