Thursday, November 26

विशेष सत्र में पक्ष-विपक्ष ने रखी अपनी राय, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले- जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

राँची: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया गया। सत्र के दौरान MMDR संशोधन विधेयक-2026 पर चर्चा हुई। खनन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और राज्य के अधिकारों को लेकर पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने अपनी राय रखी। चर्चा के बाद केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की तैयारी की बात सामने आई। इसके साथ ही विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

मुख्यमंत्री बोले- राज्य के अधिकारों से समझौता नहीं, जरूरत पड़ी तो जाएंगे सुप्रीम कोर्ट

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में कहा कि आर्थिक व्यवस्था कैसी होनी चाहिए, यह बेहद महत्वपूर्ण विषय है और उनकी सरकार इस दिशा में पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने खनन क्षेत्र में अवैध उत्खनन के मुद्दे पर कहा कि यदि कहीं अवैध खनन हो रहा है तो इस संबंध में केंद्र सरकार बता सकती है। कोल कंपनियों पर राज्य का नियंत्रण और जमीन से जुड़े अधिकारों का भी उन्होंने जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन कानून बना सकता है और उसके इस अधिकार को छीना नहीं जा सकता। आवश्यकता पड़ने पर राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट का रुख भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य के भी अपने दायित्व हैं, जिन्हें निभाना जरूरी है।

संविधान दिवस पर विशेष सत्र बुलाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा नहीं है कि केवल आज के दिन ही विशेष सत्र आयोजित किया गया है। उनके लिए सभी दिन महत्वपूर्ण हैं।

स्पीकर बोले- राज्य के बेहतर भविष्य के लिए बुलाया गया विशेष सत्र

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य के बेहतर हित के लिए यह महत्वपूर्ण विशेष सत्र बुलाया गया था। MMDR और SIR जैसे मुद्दों पर सदन में पक्ष और विपक्ष, दोनों ने अपनी-अपनी राय रखी। सरकार ने भी अपना पक्ष सामने रखा और मुख्यमंत्री ने चर्चा में हिस्सा लेकर अपने विचार व्यक्त किए।

राधाकृष्ण किशोर बोले- केंद्र से अपना पैसा मांग रहा है झारखंड

संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड केंद्र सरकार से अपना बकाया पैसा मांग रहा है। कोयले के अवैध उत्खनन को रोकने के लिए गाड़ी और फोर्स की जरूरत है, जिसके लिए संसाधन और पैसे की आवश्यकता होती है।

विशेष सत्र में हुई चर्चा के बाद विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

Share.
Next Story
धनबाद स्टेशन रोड पर रेलवे का बुलडोजर एक्शन, 30 दुकानें ध्वस्त… 30 साल पुराना रोजगार उजड़ा
Exit mobile version