45 दिनों तक AI से करता रहा बातचीत, अंग बेचकर 20 लाख रुपये कमाने की थी चाहत… पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जल्दी अमीर बनने की चाहत में एक 27 वर्षीय युवक ने अपने ही चार साल के भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकाल लीं। इस खौफनाक वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पिछले करीब 45 दिनों से एक AI ऐप के साथ बातचीत कर अंगों की बिक्री से पैसे कमाने की योजना बना रहा था।
झोपड़ी से गायब हुआ बच्चा, आधा किलोमीटर दूर मिला शव
घटना 6 नवंबर की सुबह सामने आई, जब बच्चे के पिता की नींद खुली तो उनका चार साल का बेटा झोपड़ी से गायब था। परिवार ने आसपास काफी तलाश की। इसी दौरान घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक गड्ढे में कंबल में लिपटा बच्चे का शव मिला। शव की हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो शक की सुई परिवार के ही एक रिश्तेदार पर पहुंची। जांच में पता चला कि बच्चे को उसका रिश्ते का चाचा अपने साथ ले गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें हत्या की पूरी कहानी सामने आई।
सोशल मीडिया वीडियो देखकर आया अंग बेचने का विचार
पुलिस के अनुसार, आरोपी आर्थिक तंगी से जूझ रहा था , और कम समय में ज्यादा पैसे कमाना चाहता था। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा, जिसमें अंगों की बिक्री से लाखों रुपये मिलने का दावा किया गया था। वीडियो देखने के बाद उसके मन में भी इसी तरह पैसा कमाने का विचार आया।
आरोपी ने अपनी योजना को लेकर इंटरनेट पर जानकारी जुटानी शुरू की। बताया जा रहा है कि वह करीब 45 दिनों से एक AI ऐप पर वॉयस मैसेज के जरिए बातचीत कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को भ्रम हो गया था कि ऐप के दूसरी तरफ कोई वास्तविक व्यक्ति मौजूद है और दिल्ली से एक शख्स बच्चे के अंग खरीदने उसके पास आएगा।
चिकन खिलाने का लालच देकर बच्चे को ले गया साथ
पुलिस की जांच के मुताबिक, 5 नवंबर की रात आरोपी ने बच्चे को चिकन खिलाने का लालच दिया। इसके बाद वह उसे अपनी झोपड़ी में ले गया। आरोप है कि आरोपी ने पहले बच्चे को शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकाल लीं।
इसके बाद शव को एक गड्ढे में दफना दिया। वहीं, निकाले गए अंगों को एक बाल्टी में प्लास्टिक बिछाकर रखा और ऊपर से कपड़े डालकर मिट्टी में छिपा दिया।
प्रत्यक्षदर्शी की सूचना से पुलिस आरोपी तक पहुंची
मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक स्थानीय व्यक्ति से अहम जानकारी मिली। उसने बच्चे के लापता होने से पहले आरोपी को उसके साथ जाते हुए देखा था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और पुलिस को उस स्थान तक पहुंचाया, जहां बच्चे के अंग छिपाए गए थे।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। बच्चे के शव और बरामद अंगों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
जशपुर के ASP राकेश कुमार पटनवार के मुताबिक, आरोपी की उम्र 27 वर्ष है और उसका पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। वह मजदूरी करता था और जल्दी पैसा कमाने की कोशिश में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे बैठा। फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर AI ऐप और सोशल मीडिया के इस्तेमाल, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिलने वाली जानकारी तथा उनके प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


