रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय घेराव मामले में FIR दर्ज होने के बाद भी कुमार राजा एक बार फिर प्रदर्शन में नजर आए। बुधवार को वे अपने समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के साथ DC ऑफिस के घेराव के लिए निकल पड़े।
6 अक्टूबर को CEO कार्यालय के बाहर हुए हंगामे को लेकर जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें कुमार राजा समेत चार लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।
FIR में सरकारी काम में बाधा डालने, सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और बल प्रयोग के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में कुछ प्रदर्शनकारियों पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के सरकारी हथियार छीनने की कोशिश का भी आरोप है।
FIR के बाद भी प्रदर्शन जारी
CEO कार्यालय घेराव मामले में नामजद होने के अगले ही दिन कुमार राजा का दोबारा प्रदर्शन में उतरना अब इस पूरे मामले को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। बुधवार को वे प्रदर्शनकारियों के साथ DC ऑफिस घेराव के लिए रवाना हुए।
प्रदर्शनकारियों की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) समेत अन्य मुद्दों को लेकर विरोध जताया जा रहा है। इससे पहले भी इसी मुद्दे को लेकर CEO कार्यालय का घेराव किया गया था।
अब पुलिस की जांच पर नजर
CEO कार्यालय में हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान करने की बात कही है। FIR में नामजद लोगों के अलावा जांच के दौरान जिन अन्य लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
ऐसे में FIR दर्ज होने के अगले दिन कुमार राजा के फिर प्रदर्शन में शामिल होने के बाद अब पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
