Tuesday, October 13

रांची: स्वतंत्रता दिवस 2026 के राजकीय समारोह को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाली विभिन्न औपचारिक गतिविधियों का उसी क्रम में अभ्यास किया गया।

रिहर्सल की निगरानी जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने की। इस दौरान राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से संबंधित निर्धारित निर्देशों का भी पालन किया गया। दोनों वरीय अधिकारियों ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। संबंधित पदाधिकारियों ने परेड में शामिल सभी टुकड़ियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

14 अगस्त की तैयारियों को लेकर सुरक्षा का पूरा खाका तैयार

राजकीय समारोह के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यक्रम में तैनात किए गए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी की गई। डीसी, एसएसपी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने संयुक्त आदेश के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी अधिकारियों को दी।

सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने निर्धारित स्थान पर समय से पहुंचें और उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें।

डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों से कहा कि उन्हें अपने ड्यूटी प्वाइंट, जिम्मेदारी और कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी होनी चाहिए। साथ ही मुख्य अतिथियों के आगमन और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनके प्रस्थान की व्यवस्था भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा गया।

समारोह स्थल पर प्रवेश से पहले होगी जांच

एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समारोह में आने वाले लोगों की सघन जांच की जाए और किसी भी व्यक्ति को आपत्तिजनक सामग्री के साथ कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया जाए।

मोरहाबादी मैदान में ड्रोन उड़ाने पर रोक

सुरक्षा के लिहाज से इस बार समारोह स्थल पर निजी ड्रोन से वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी पर रोक रहेगी। संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान प्रतिनियुक्त अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि केवल संबंधित विभाग की अनुमति और व्यवस्था के तहत ही ड्रोन से वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी कराई जा सकेगी।

ये प्लाटून होंगी परेड का हिस्सा

मोरहाबादी मैदान में होने वाले राजकीय समारोह की परेड में सुरक्षा बलों, पुलिस, एनसीसी और होमगार्ड की कुल विभिन्न टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। इनमें-

  • सीआरपीएफ — 1 प्लाटून
  • आईटीबीपी — 1 प्लाटून
  • एसएसबी — 1 प्लाटून
  • सीआईएसएफ — 1 प्लाटून
  • ओडिशा पुलिस — 1 प्लाटून
  • झारखंड जगुआर — 1 प्लाटून
  • जैप-1 — 1 प्लाटून और 1 बैंड पार्टी
  • जैप-2 — 1 प्लाटून
  • जैप-10 — 1 प्लाटून और 1 बैंड पार्टी
  • रांची जिला पुलिस पुरुष — 1 प्लाटून
  • रांची जिला पुलिस महिला — 1 प्लाटून
  • झारखंड गृहरक्षा वाहिनी — 1 प्लाटून और 1 बैंड पार्टी
  • एनसीसी गर्ल्स — 1 प्लाटून
  • एनसीसी बॉयज — 1 प्लाटून शामिल हैं।

फर्स्ट और सेकेंड इन कमांड की भी जिम्मेदारी तय

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में फर्स्ट इन कमांड 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा हैं, जो वर्तमान में रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं। वहीं सेकेंड इन कमांड परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमित कुजूर को बनाया गया है।

फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ ही मोरहाबादी मैदान में होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, परेड, यातायात और आगंतुकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

इसे भी पढ़े – स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस लाइन मैदान में अंतिम रिहर्सल, DC-SP ने परखी तैयारियां

Share.
Next Story
कुजू स्टील प्लांट हादसे में घायल मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने कराया काम बंद
Exit mobile version