Tuesday, October 13

बोकारो: 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर बोकारो में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। गुरुवार को सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास कराया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया। पूर्वाभ्यास के बाद उपायुक्त ने तिरंगे को सलामी दी।

अंतिम रिहर्सल के दौरान अधिकारियों ने परेड की तैयारियों के साथ समारोह स्थल की विभिन्न व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान परेड में शामिल जवानों और विद्यार्थियों ने निर्धारित समय एवं अनुशासन के साथ मार्च-पास्ट का अभ्यास किया। उपायुक्त और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समारोह के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और कार्यक्रम के सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इन प्लाटूनों ने लिया पूर्वाभ्यास में हिस्सा

अंतिम पूर्वाभ्यास में सीआईएसएफ, जिला बल पुरुष, जिला बल महिला, गृह रक्षक बल, चौकीदार पुरुष दल के साथ विभिन्न विद्यालयों की प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। इनमें डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, 8/बी एनसीसी, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय चास, जीजीपीएस स्कूल सेक्टर-05 और एमजीएम स्कूल सेक्टर-04 की प्लाटून शामिल रहीं।

सभी प्लाटूनों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परेड का अभ्यास किया और अपने प्रदर्शन को अंतिम रूप दिया।

बारिश को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। अंतिम पूर्वाभ्यास के जरिए कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की दोबारा समीक्षा की गई है। संभावित बारिश को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त इंतजाम करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में समारोह के संचालन में किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रवेश द्वारों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

समारोह में बड़ी संख्या में अतिथियों और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस जवान तैनात रहेंगे। प्रवेश और निकासी व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के साथ लोगों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

देशभक्ति के रंग में सजा पुलिस लाइन मैदान

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस लाइन मैदान को भी आकर्षक रूप दिया जा रहा है। परिसर में रंगाई-पुताई और सजावट का काम पूरा किया गया है। समारोह स्थल को देशभक्ति के माहौल के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि मुख्य कार्यक्रम भव्य और गरिमामय तरीके से आयोजित किया जा सके।

नवनिर्मित शौचालय का भी किया निरीक्षण

परेड के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर में बनाए गए नवनिर्मित शौचालय का भी जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने निर्माण की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

नवनिर्मित सुविधा से परेड में शामिल जवानों एवं अधिकारियों के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस डॉ. अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मो. सफीक आलम, जिला नजारत उप समाहर्ता राज शर्मा, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े – बोकारो में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन अलर्ट, राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान के क्रम पर विशेष जोर

Share.
Next Story
मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल, सुरक्षा व्यवस्था परखी
Exit mobile version