गिरिडीह। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य सरकार के दिवंगत मंत्री और गिरिडीह सदर के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा (श्राद्धकर्म) कार्यक्रम में शिरकत की। हरसिंहरायडीह स्थित ‘उत्सव उपवन’ में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
बड़े भाई की तरह थे सोनू भैया: मुख्यमंत्री
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अत्यंत भावुक नजर आए। उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जाना झारखंड मुक्ति मोर्चा और पूरे झारखंड प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। सीएम ने उन्हें केवल एक सहयोगी मंत्री ही नहीं, बल्कि अपने बड़े भाई जैसा मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारों और ‘झारखंडियत’ की लड़ाई में उनका समर्पण सदैव याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना भी दी।
कई मंत्रियों और नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि
द्वादश कार्यक्रम में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री दीपक बिरुआ, मंत्री इरफान अंसारी और मंत्री हफीजुल हसन समेत कई नेताओं ने पहुंचकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
उत्सव उपवन में उमड़ी हजारों की भीड़
हरसिंहरायडीह के उत्सव उपवन में आयोजित इस विशाल श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्यभर से राजनेता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के लिए परिसर में भव्य पंडाल बनाए गए थे। गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने एक दिन पूर्व ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था।
शोक का माहौल, समर्थकों की भारी मौजूदगी
कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय शोक का माहौल रहा। सुदिव्य कुमार सोनू के समर्थक, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह और झारखंड की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी और उनके निधन से पार्टी के साथ-साथ गिरिडीह की जनता को भी गहरा आघात पहुंचा है। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से भी पिछले दिनों उन्हें श्रद्धांजलि दी गई थी।
सुरक्षा-यातायात के व्यापक इंतजाम
बड़ी संख्या में समर्थकों के आगमन को देखते हुए गिरिडीह शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई प्रमुख नेताओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और आयोजन समिति ने बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की थी।
ज्ञात हो कि झामुमो के वरिष्ठ नेता और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को हार्टअटैक से आकस्मिक निधन हो गया था, जिसके बाद पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई थी।
इसे भी पढ़े: PM मोदी को नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई, केजरीवाल का अलग रहा अंदाज
