राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता नहीं मिलने से डिग्री की स्वीकार्यता और रोजगार के अवसरों को लेकर छात्राएं चिंतित, विधायक ने संबंधित अधिकारियों से की बातचीत
धनबाद: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के GNM नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की राष्ट्रीय मान्यता की मांग को लेकर धनबाद विधायक राज सिन्हा से मुलाकात की। छात्राओं ने अपनी समस्या रखते हुए जल्द से जल्द मान्यता की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए पहल करने का आग्रह किया।
दरअसल, SNMMCH के GNM नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं INC की मान्यता को लेकर लंबे समय से असमंजस में हैं। इसी मांग को लेकर गुरुवार को छात्राएं धनबाद विधायक राज सिन्हा के आवासीय कार्यालय पहुंचीं और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
छात्राओं का कहना है कि कॉलेज को राज्य सरकार की मान्यता तो प्राप्त है, लेकिन INC की राष्ट्रीय मान्यता नहीं मिलने से उनकी डिग्री की स्वीकार्यता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसका असर भविष्य में रोजगार के अवसरों और दूसरे राज्यों में नौकरी पाने की संभावनाओं पर पड़ सकता है। छात्राओं ने विधायक से इस दिशा में जल्द ठोस पहल करने की मांग की।
छात्राओं की समस्या सुनने के बाद विधायक राज सिन्हा ने तत्काल SNMMCH अधीक्षक, सेंट्रल हॉस्पिटल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के सचिव से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की मान्यता से जुड़ी वर्तमान स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
बातचीत के दौरान अधीक्षक ने बताया कि कॉलेज की ओर से निर्धारित मानदंड पूरे किए गए हैं। वहीं, प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि निर्धारित समय पर पोर्टल खुलने के बाद मान्यता के लिए आवेदन किया जाता है। इसके बाद केंद्रीय टीम कॉलेज का निरीक्षण करती है। निरीक्षण और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही मान्यता प्रदान की जाती है।
जनवरी में पोर्टल खुलते ही आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
विधायक राज सिन्हा ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि जनवरी में पोर्टल खुलते ही मान्यता की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों और प्रबंधन से समन्वय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्राओं के भविष्य से जुड़ा यह महत्वपूर्ण मामला है और इसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल छात्राओं को जनवरी में पोर्टल खुलने का इंतजार है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आवेदन, निरीक्षण और अन्य औपचारिकताएं कितनी तेजी से पूरी होती हैं और SNMMCH के GNM नर्सिंग कॉलेज को INC की राष्ट्रीय मान्यता कब तक मिल पाती है।
