Sunday, November 29

सरकारी सूत्रों के मुताबिक परिसीमन आयोग में होंगे 13 सदस्य, सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश होंगे अध्यक्ष; सांसदों और विधायकों को भी मिलेगी जगह

संसद में परिसीमन विधेयक को लेकर जारी सियासी खींचतान के बीच केंद्र सरकार ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का भरोसा जताया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, एनडीए और सहयोगी दलों को मिलाकर सरकार के पक्ष में 371 सांसदों का समर्थन होने का अनुमान है। सूत्रों का दावा है कि यह संख्या दो-तिहाई बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से 8 से 11 या उससे अधिक सांसद ज्यादा है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार के पास पर्याप्त समर्थन होने का अनुमान है। हालांकि, समर्थन का यह आंकड़ा फिलहाल सरकारी सूत्रों का दावा है।

परिसीमन आयोग की संरचना को लेकर भी सरकारी सूत्रों ने जानकारी दी है। नए प्रस्ताव के मुताबिक, आयोग में तीन मुख्य सदस्य होंगे। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके द्वारा नामित चुनाव आयुक्त और संबंधित राज्य के राज्य निर्वाचन आयुक्त आयोग के सदस्य होंगे। वहीं, पांच सांसद और पांच विधायक सहयोगी सदस्यों के रूप में शामिल किए जाएंगे।

सरकार के इस दावे के बीच अब सभी की नजरें 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक पर टिकी हैं, जहां परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर चर्चा और आगे की संसदीय प्रक्रिया होगी।

Share.
Next Story
आर्यन केल्विन के कार्यक्रम में बेकाबू हुई भीड़, पटना में पत्थरबाजी और तोड़फोड़ से मचा हड़कंप
Exit mobile version