रांची। उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग के धंसने की घटना सामने आई है। हादसे के बाद झारखंड के खूंटी, गुमला समेत अन्य जिलों के कुछ श्रमिकों के सुरंग के अंदर फंसे होने की खबर है। मामले की जानकारी मिलने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से श्रमिकों की स्थिति को लेकर बातचीत की। उनके अनुसार, पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
हेमंत सोरेन ने निर्माणाधीन सुरंगों में बार-बार होने वाले हादसों और श्रमिकों के फंसने की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन इसके साथ प्रकृति के सम्मान और पर्यावरणीय संतुलन का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति के अंधाधुंध दोहन के गंभीर परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने सुरंग हादसे को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए श्रमिकों की सुरक्षित वापसी को प्राथमिकता देने की बात कही।
परिजनों के लिए झारखंड सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
मुख्यमंत्री ने झारखंड के उन लोगों से अपील की है, जिनके परिजन या परिचित उत्तराखंड की इस परियोजना में काम करने गए हैं, वे राज्य सरकार के कंट्रोल रूम से संपर्क कर आवश्यक जानकारी साझा करें।
सरकार की ओर से जारी संपर्क नंबर:
टोल फ्री हेल्पलाइन: 1800-3456-526
व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: 9470132591
व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: 9431336472
व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: 9431336427
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर श्रमिक की सुरक्षित वापसी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है।
इसे भी पढ़े – मॉल ऑफ रांची की तीसरी वर्षगांठ पर ‘Shop & Win 3.0’ का समापन, ग्राहकों को मिले 20 शानदार पुरस्कार


