Tuesday, November 24

रांची। सिख धर्म के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाशोत्सव के अवसर पर राजधानी रांची में श्रद्धा और भक्ति का उत्साह देखने को मिला। इस विशेष मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पी.पी. कंपाउंड स्थित गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित भव्य समारोह में सम्मिलित हुए।

समारोह में पहुँचने पर आयोजकों द्वारा राज्यपाल का पारंपरिक रूप से आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान राज्यपाल ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कुछ समय तक कीर्तन दरबार में बैठकर संगत के साथ गुरुबाणी का श्रवण भी किया। भक्तिमय माहौल के बीच उन्होंने पंगत में शामिल होकर लंगर का प्रसाद भी ग्रहण किया, जो समानता और सेवा भावना का प्रतीक है।

इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने समस्त राज्यवासियों को गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षा संपूर्ण मानवता को सेवा, सत्य और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं। उनके महान विचार सदैव समाज को प्रेम, करुणा और परस्पर भाईचारे के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देते रहेंगे।

Share.
Next Story
BIMSTECअंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप: झारखंड के सीडी सिंह बने भारतीय टीम के मैनेजर
Exit mobile version