Saturday, November 28

गुजरात ATS ने असम के रहने वाले मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरुद्दीन को किया गिरफ्तार, पाकिस्तान में बैठे जैश हैंडलर के संपर्क में होने का दावा

गुजरात में आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मामले की जांच में गुजरात एटीएस को कई अहम सुराग मिलने का दावा किया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार संदिग्ध मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरुद्दीन ने वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन के गेट की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर को भेजे थे। आरोपी के घर की तलाशी में जैश-ए-मोहम्मद के झंडे, किताबें और संगठन से जुड़ी अन्य संदिग्ध सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है।

मोबाइल में मिले तस्वीरें और वीडियो 

रिपोर्टस के मुताबिक, एटीएस ने आरोपी का मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें एयरफोर्स स्टेशन के गेट की तस्वीरें और वीडियो मिले। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी पिछले करीब एक साल से पाकिस्तान में बैठे जैश-ए-मोहम्मद के एक हैंडलर के संपर्क में था। इस हैंडलर की पहचान मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के रूप में बताई गई है।

जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि हैंडलर ने आरोपी को नया मोबाइल खरीदने के लिए 50 हजार रुपये दिए थे। आरोपी के घर से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी सामग्री के अलावा मसूद अजहर की किताब और लेख भी मिले हैं।

असम का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरुद्दीन मूल रूप से असम का रहने वाला है। उसे गुजरात में कथित आतंकी हमले की योजना से जुड़े मामले में हालोल-वडोदरा हाईवे से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से AK-47 राइफल और कारतूस बरामद होने की जानकारी दी गई है।

एटीएस को आरोपी के मोबाइल में हथियार चलाने की ट्रेनिंग से जुड़े वीडियो भी मिले हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाने के इरादे से वहां पहुंचा था।

14 दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश के देवबंद मदरसे में पढ़ाई कर चुका है। जांच एजेंसी को उसके जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ने और संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ लेने का भी संदेह है। एटीएस का दावा है कि आरोपी कथित वारदात के बाद पाकिस्तान जाने की योजना बना रहा था।

शुक्रवार को आरोपी को वाघोडिया कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। एटीएस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट, डाक और बैंक खातों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को पाकिस्तान से किस तरह निर्देश मिल रहे थे और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

Share.
Next Story
ACC U19 महिला एशिया कपः भारतीय टीम घोषित, भाविका अहिरे को सौंपी गई कप्तानी
Exit mobile version