झारखंड में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम बिगड़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवातीय सिस्टम के असर से राज्य में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को राजधानी रांची समेत दक्षिणी झारखंड के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। रांची के अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
वहीं, झारखंड के उत्तरी हिस्से के सभी जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में सक्रिय मौसम प्रणाली निम्न दबाव से विकसित होकर अवदाब में बदल चुकी है। अगले 24 घंटे में इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और गहरे अवदाब में तब्दील होने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
