Friday, November 27

जब रात के सन्नाटे में पूरा शहर गहरी नींद में सो रहा था, तब रांची के विधानसभा परिसर स्थित विधायक आवास की रोशनी उम्मीदों की एक नई किरण जगा रही थी। घड़ी की सुइयां रात के 12:30 बजा रही थीं, लेकिन अपने जनप्रतिनिधि से मिलने की आस लिए गढ़वा, पलामू, लातेहार, तमाड़, रामगढ़ और हजारीबाग जैसे दूर-दराज के इलाकों से आए लोगों का तांता लगा था। कोई अपनी गंभीर समस्या का समाधान चाहता था, तो कोई आर्थिक सहायता की गुहार लेकर दरवाजे पर खड़ा था।

दिन भर की व्यस्तता और थकान पर भारी पड़ा जनसेवा का संकल्पः

दिन में विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही में व्यस्त रहने, इसके बाद कई पारिवारिक शादी समारोहों में शामिल होने और देर रात ओरमांझी के एक जात्रा कार्यक्रम से लौटने के बाद शरीर में थकान लाजमी थी। लेकिन दूर-दराज से कड़कड़ाती रात में प्रतीक्षा कर रहे इन लोगों की आंखों में बसी उम्मीदों को नजरअंदाज करना संभव नहीं था। विधायक जयराम महतो ने भावुक होते हुए कहा कि ‘जनता की उम्मीदों को अनसुना करके भला नींद कैसे आ सकती है?’ उन्होंने बिना किसी जल्दबाजी के एक-एक व्यक्ति की पीड़ा को धैर्यपूर्वक सुना और अपने स्तर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक जयराम महतो ने इस पल को खुद से एक्स में शेयर किया है।

शीतकालीन सत्र में गूंजेगी जनता की हर आवाजः

इस दौरान जयराम ने इस बात पर व्यक्तिगत मलाल भी जताया कि कुछ महत्वपूर्ण जनसमस्याओं को वे विधानसभा के इस विशेष सत्र के पटल पर नहीं रख पाए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़ा हर मुद्दा उनके लिए सर्वोपरि है। आगामी दिसंबर माह में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इन सभी छूट गए मुद्दों और जनहित की समस्याओं को पूरी मजबूती के साथ सदन में उठाने का संकल्प लिया गया।

भरोसा ही सबसे बड़ी पूंजीः

जनता के प्रति अपने समर्पण को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि जनसेवा उनके लिए महज कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि एक नैतिक जिम्मेदारी है। लोगों का अटूट विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और आम जनता की हर समस्या अब उनकी अपनी जिम्मेदारी है।

Share.
Next Story
JAC Board Exam 2027: मैट्रिक-इंटर के परीक्षा फॉर्म भरने की बढ़ी तारीख, अब 14 दिसंबर तक मिलेगा मौका
Exit mobile version