धनबाद: कतरास के मां लिलौरी स्थान स्थित रेलवे फाटक पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बोकारो की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हुंडई कार रेलवे फाटक के हाइट गेट से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
हादसे के बाद कार में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, उन्होंने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कार सवारों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
टक्कर के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में हुंडई पूरी तरह जलने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर कतरास पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
घटना के बाद रेलवे फाटक के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
इसे भी पढ़े – बेड़ो में ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार कार, भीषण हादसे में एक की मौत
