Tuesday, November 24

14 जनवरी 2027 तक चलेगी परीक्षा, हजारीबाग केंद्रीय जेल में भी बनाया गया है केंद्र

रांची। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर सत्रांत परीक्षा 25 नवंबर से शुरू होगी. परीक्षा 14 जनवरी 2027 तक चलेगी. रांची क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत परीक्षा के लिए कुल 20 केंद्र बनाये गये हैं. इनमें हजारीबाग केंद्रीय जेल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है. परीक्षा में शामिल होनेवाले विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिये गये हैं.

विद्यार्थी अपनी यूजर आइडी से लॉगिन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. इग्नू ने परीक्षार्थियों के लिए कई जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किये हैं. इसके तहत परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन समेत किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी. वहीं, एक बार आवंटित किये गये परीक्षा केंद्र में किसी भी परिस्थिति में बदलाव मान्य नहीं होगा.

इग्नू का पहचान पत्र लाना अनिवार्य

इग्नू के वरीय क्षेत्रीय निदेशक मोती राम ने बताया कि परीक्षा में शामिल होनेवाले सभी विद्यार्थियों को इग्नू की ओर से जारी पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है. उन्होंने परीक्षार्थियों से समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और परीक्षा केंद्र पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

Share.
Next Story
वार्डों व बैरकों की सघन तलाशीः सीसीटीवी कैमरों और मुलाकाती व्यवस्था की हुई गहन जांच
Exit mobile version