Saturday, November 21
-न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल), इसरो के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राधा कृष्ण ए होंगे मुख्य अतिथि

रांची।  विकसित भारत@2047 के लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में आईआईएम रांची लगातार नयी पहल कर रहा है. इसी कड़ी में संस्थान को पहली बार स्पेस कॉन्क्लेव 2026 की मेजबानी का अवसर मिला है. इसका आयोजन 21 नवंबर 2026 को आईआईएम रांची परिसर में किया जायेगा.  इस आयोजन का उद्देश्य भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में उभरती संभावनाओं, नवाचार, निवेश और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा के लिए सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत को एक मंच पर लाना है.

कार्यक्रम में अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और स्टार्टअप उद्यमी अपने विचार साझा करेंगे.  कॉन्क्लेव में मुख्य अतिथि के रूप में न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल), इसरो के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राधा कृष्ण ए उपस्थित रहेंगे. इसके अलावा स्पेस सेक्टर में काम कर रहे विभिन्न स्टार्टअप के संस्थापक और कई विशेषज्ञ भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.

कॉन्क्लेव के माध्यम से अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका, उद्यमिता की संभावनाओं और तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने पर विचार-विमर्श होगा. आईआईएम रांची की इस पहल को संस्थान के विजन आईआईएम रांची@2030 और विकसित भारत@2047 के लक्ष्यों से जोड़कर देखा जा रहा है. आयोजन से अंतरिक्ष क्षेत्र में नये सहयोग और शोध आधारित पहल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में प्रबंधन शिक्षा की अहम भूमिका : आईआईएम निदेशक

रांची: आईआईएम रांची में स्पेस कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन किया जा रहा है. संस्थान के निदेशक ने इस आयोजन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र अब केवल राष्ट्रीय गौरव का विषय नहीं रह गया है, बल्कि यह उद्यम, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का नया केंद्र बन चुका है.

उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रभावी नीतियों, दीर्घकालिक निवेश और सक्षम नेतृत्व की जरूरत है. इसमें प्रबंधन शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है. आईआईएम रांची के विजन ‘आईआईएम रांची@2030’ के अनुरूप यह कॉन्क्लेव सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत को एक मंच पर ला रहा है.

उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन में होने वाली चर्चा से नयी साझेदारियों को बढ़ावा मिलेगा और शोध आधारित विचार राष्ट्रीय नीतियों को दिशा देने में सहायक होंगे. उन्होंने कॉन्क्लेव के अध्यक्ष और आयोजन टीम को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कार्यक्रम की सफलता की कामना की.

Share.
Next Story
होटवार जेल प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की मांग, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
Exit mobile version