रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में तेजी से मजबूत हो रहे तूफान अकवन असर राज्य में दिखने लगा है। आसमान में बादल छाने लगे हैं और कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। रांची मौसम केंद्र के अनुसार, 20 नवंबर को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी चलने, मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने 19 नवंबर 2026 को जारी पूर्वानुमान में 20 से 23 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई है।
रांची , धनबाद-बोकारो समेत इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र के अनुसार, 20 नवंबर को धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।
20 नवंबर को ही जामताड़ा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में वज्रपात और तेज हवा चलने की आशंका भी जताई गई है।
21 नवंबर को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को राज्य के संताल परगना और आसपास के जिलों में बारिश हो सकती है। इनमें साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह और धनबाद शामिल हैं।
अगले दो दिनों में तापमान में भी होगा बदलाव
बारिश और बादलों के प्रभाव से राज्य के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
23 नवंबर तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 23 नवंबर तक झारखंड के आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी। ऐसे में लोगों को आंधी और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है।


