Saturday, November 21

गिरिडीह। शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले नगर निगम के एक दैनिक सफाईकर्मी की मौत के बाद उनके शव को कचरा उठाने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि नगर निगम को सरकार की ओर से हाल ही में तीन शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद मृतक के शव को अस्पताल ले जाने के लिए शव वाहन का इस्तेमाल नहीं किया गया।

जानकारी के अनुसार, पचंबा थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय सोनू हाड़ी नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के रूप में काम करते थे। तालाब में डूबने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पोस्टमार्टम के लिए उनके शव को सदर अस्पताल ले जाना था। लेकिन इसके लिए शव वाहन के बजाय कचरा उठाने वाली गाड़ी का इस्तेमाल किया गया।

इस घटना की तस्वीर सामने आने के बाद लोगों के बीच नाराजगी और सवाल उठने लगे हैं। जिस नगर निगम में सफाईकर्मी शहर को स्वच्छ रखने के लिए काम करते हैं, उसी निगम के एक कर्मचारी के शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया जाना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नगर निगम के पास सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए तीन शव वाहन मौजूद हैं, तो आखिर सोनू हाड़ी के शव को ले जाने के लिए उनका इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया? क्या शव वाहन उपलब्ध नहीं था या फिर इसके इस्तेमाल को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की गई थी? फिलहाल इस मामले ने नगर निगम की व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Share.
Next Story
चूरी माइंस से कोयला ढुलाई रोकने का फरमान जारी, डकरा पेट्रोल पंप के सामने 11 फरवरी को हुई आगजनी की याद दिलाकर कई ट्रकों को जलाने की धमकी
Exit mobile version