-उपायुक्त से लेकर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस तक पहुंची शिकायत
-स्थानीय लोगों ने अवैध दुकानें हटाने और नियमित निगरानी की उठायी मांग
राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में शामिल मेन रोड, गुरुद्वारा से चर्च रोड, महावीर मंदिर मार्ग, नाजिर अली लेन, ओल्ड थाना रोड, हटिया मार्केट और ओल्ड टैक्सी स्टैंड के आसपास अतिक्रमण और अव्यवस्थित संडे बाजार ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थिति यह है कि सड़क किनारे लगने वाला बाजार अब घरों के दरवाजे तक पहुंच गया है। रविवार सुबह चार बजे से ही दुकानें सजने लगती हैं और देखते ही देखते सड़कें बाजार में तब्दील हो जाती हैं। इससे आवागमन बाधित होने के साथ स्थानीय निवासियों, राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों ने 26 अक्तूबर 2026 को उपायुक्त को सामूहिक शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इसकी प्रतिलिपि रांची नगर निगम के महापौर, उपमहापौर, नगर आयुक्त, वरीय आरक्षी अधीक्षक, ट्रैफिक एसपी, अनुमंडल पदाधिकारी, विधि-व्यवस्था डीएसपी और संबंधित थाना प्रभारियों को भी दी गयी है।
शिकायत में कहा गया है कि अंजुमन प्लाजा के आसपास पहले सीमित दायरे में लगने वाला बाजार अब लगातार फैल रहा है। दुकानदार घरों के सामने, रास्तों और सार्वजनिक आवागमन वाले स्थानों पर दुकानें लगा देते हैं। इससे घरों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कई जगह वाहनों की आवाजाही भी बाधित होती है। इसके अलावा सुबह खुले में कचरा फेंकने से गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार को व्यवस्थित किया जाये और अतिक्रमण हटाकर सड़कों को आवागमन योग्य बनाया जाये। शिकायत के साथ तस्वीरें और स्थानीय निवासियों के हस्ताक्षर वाला सामूहिक आवेदन भी संलग्न किया गया है।
स्थानीय लोगों की प्रमुख मांगेंः
-संडे बाजार का नियमित निरीक्षण: मेन रोड और आसपास लगने वाले संडे बाजार की जांच कर उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
-अतिक्रमण पर कार्रवाई: घरों के सामने और सार्वजनिक रास्तों पर लगायी गयी अवैध दुकानों को हटाया जाये।
-आवागमन सुगम हो: आम लोगों, एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता बाधामुक्त रखा जाये। आग से बचाव के लिए फायर ब्रिगेड का रास्ता भी खुला रहे।
-कचरा फेंकने पर रोक: सार्वजनिक स्थानों पर खुले में कचरा फेंकने वालों की पहचान कर जुर्माना और कार्रवाई की जाये।
-नियमित निगरानी: संबंधित थाना और नगर निगम के अधिकारी नियमित निरीक्षण करें, ताकि अतिक्रमण और गंदगी की समस्या दोबारा नहीं बढ़े।
