धनबाद। बारामुड़ी खटाल में रहने वाले लोगों के भविष्य को लेकर गुरुवार को धनबाद अंचल कार्यालय में अहम सुनवाई हुई। प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए गए 160 लोगों में से 100 लोग सुनवाई में शामिल हुए। उन्होंने जमीन से जुड़े दस्तावेज और अन्य कागजात प्रस्तुत कर अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले आदेश पर टिकी हैं।

सुनवाई के बाद धनबाद सीओ रामप्रवेश कुमार ने बताया कि फिलहाल दस्तावेजों की जांच और सभी पक्षों को सुनने की प्रक्रिया चल रही है। यह पूछे जाने पर कि कितने लोगों के दस्तावेज सही पाए गए हैं और खटालवासियों को वहां रहने की अनुमति मिलेगी या उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा, उन्होंने अभी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
सीओ ने कहा कि सभी संबंधित लोगों की दलीलें सुनने और प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार विधिवत आदेश जारी किया जाएगा। उन्होंने अगली सुनवाई की तारीख को लेकर बताया कि इस पर शाम करीब चार बजे तक निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल 100 लोगों के अपना पक्ष रखने के बाद बाकी लोगों की सुनवाई और दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कितने लोगों को राहत मिलेगी और बारामुड़ी खटाल को लेकर प्रशासन क्या निर्णय लेता है।


