Saturday, November 21

ऑकलैंड में आज होगा तीसरा और अंतिम टेस्ट, भारतीय टीम की नजर सीरीज जीतने पर; झारखंड लॉन बॉल संघ के सचिव मधुकांत पाठक ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की

रांची/ऑकलैंड: न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन दिवसीय लॉन बॉल्स टेस्ट सीरीज अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। सीरीज के पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड से 2-3 से हारने के बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी की है। दूसरे टेस्ट मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। इस जीत के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने निर्णायक मुकाबले से पहले अपना आत्मविश्वास भी मजबूत कर लिया है। खास बात यह है कि भारतीय टीम में शामिल झारखंड के खिलाड़ियों ने भी अपने प्रदर्शन से राज्य का मान बढ़ाया है।

पहले टेस्ट मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को 3-2 से पराजित किया था। उस मुकाबले में मेजबान टीम ने मेंस पेयर्स, विमेंस पेयर्स और मिक्स्ड फोर्स स्पर्धाओं में जीत दर्ज कर बढ़त हासिल की थी। शुरुआती मुकाबले में मिली हार के बाद भारतीय खिलाड़ियों के सामने दूसरे टेस्ट में वापसी करने की चुनौती थी। हालांकि, टीम ने दबाव में बिखरने के बजाय शानदार खेल दिखाया और मुकाबले को अपने पक्ष में कर लिया।

मिक्स्ड पेयर्स में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम की जीत में मिक्स्ड फोर्स स्पर्धा के अलावा मिक्स्ड पेयर्स के मुकाबलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेशमा और सुनील बहादुर की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल के साथ प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं, पिंकी और दिनेश की जोड़ी ने भी शानदार खेल दिखाकर भारतीय टीम की जीत में योगदान दिया।

इस अंतरराष्ट्रीय टेस्ट सीरीज में भारत की ओर से झारखंड के तीन खिलाड़ी दिनेश, सुनील बहादुर और रेशमा हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, पिंकी दिल्ली की ओर से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। दूसरे टेस्ट में झारखंड के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने राज्य के खेल जगत को गौरवान्वित किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और अनुभव का परिचय दिया है।

तीसरे टेस्ट में तय होगा सीरीज का विजेता

दोनों देशों के बीच तीन दिवसीय टेस्ट सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर है। ऐसे में तीसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम हो गया है। निर्णायक मुकाबला ऑकलैंड में खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार शाम पांच बजे से 7:30 बजे तक निर्धारित है। भारतीय टीम की कोशिश दूसरे टेस्ट में मिली जीत की लय बरकरार रखते हुए अंतिम मुकाबले में भी जीत दर्ज करने की होगी। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाकर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

मधुकांत पाठक बोले- भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया

झारखंड लॉन बॉल संघ के सचिव सह कोच मधुकांत पाठक ने दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम की जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। पहले टेस्ट में हार के बाद टीम ने जिस तरह वापसी की है, वह खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और मेहनत को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम तीसरे और निर्णायक टेस्ट में भी जीत दर्ज कर पूरी सीरीज अपने नाम करेगी।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के खिलाड़ियों की भागीदारी राज्य के लिए गौरव की बात है। दिनेश, सुनील बहादुर और रेशमा का भारतीय टीम का हिस्सा होना झारखंड में लॉन बॉल्स खेल की बढ़ती पहचान को दर्शाता है।

झारखंड के खेल जगत में खुशी, खिलाड़ियों को मिल रही बधाइयां

भारतीय टीम की शानदार वापसी पर झारखंड के खेल जगत से जुड़े लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। झारखंड खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, निदेशक छवि रंजन, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, झारखंड लॉन बॉल संघ के आजीवन अध्यक्ष आरके आनंद, अध्यक्ष शीतल झा, उपाध्यक्ष सुनील खवाड़े, झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे, संयुक्त सचिव आशीष झा और कोषाध्यक्ष शैलेश सिंह ने टीम के प्रदर्शन की सराहना की है।

इसके अलावा रितेश झा, बिपिन सिंह, सीडी सिंह, आशु भाटिया, योगेश यादव, प्रभात रंजन तिवारी, अजय नायक, देवेंद्र सिंह, रोहित सिंह, सरोज यादव, शशांक, संजय त्रिपाठी, अजीत कुमार और सिकंदर महतो सहित कई खेल प्रेमियों ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं।

अब सबकी निगाहें तीसरे और अंतिम टेस्ट पर टिकी हैं। भारतीय टीम के पास न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज जीतकर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका है। झारखंड के खेल प्रेमियों को भी उम्मीद है कि राज्य के खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए भारत को सीरीज चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Share.
Next Story
मजदूर नेता आनंदी सिंह की पुण्यतिथि पर उमड़ा श्रमिकों का हुजूम, हजारों मजदूरों ने दी श्रद्धांजलि
Exit mobile version