Monday, November 23

GSLV-F18 रॉकेट से 2,232 किलो वजनी उपग्रह का प्रक्षेपण, स्वदेशी नेविगेशन सिस्टम की क्षमता और सटीकता बढ़ाने में मिलेगी मदद

श्रीहरिकोटा: भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान और स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर की रात 11 बजकर 51 मिनट पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से GSLV-F18 रॉकेट के जरिए नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03 का सफल प्रक्षेपण किया। करीब 18 मिनट 40 सेकंड की उड़ान के बाद रॉकेट ने 2,232 किलोग्राम वजनी उपग्रह को निर्धारित ट्रांसफर ऑर्बिट में स्थापित कर दिया। इस मिशन से भारत की स्वदेशी नेविगेशन प्रणाली ‘नाविक’ (NavIC) को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

NVS-03 भारत की दूसरी पीढ़ी के नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम का तीसरा उपग्रह है। यह भारत के साथ उसकी सीमाओं से लगभग 1,500 किलोमीटर तक के क्षेत्र में पोजिशनिंग, नेविगेशन और टाइमिंग सेवाएं उपलब्ध कराने वाली प्रणाली को मजबूत करेगा। उपग्रह में स्वदेशी एटॉमिक क्लॉक के साथ अन्य एटॉमिक क्लॉक भी लगाए गए हैं। इसके अलावा, इसमें L1 सिग्नल की सुविधा जोड़ी गई है, जो पहले से मौजूद L5 और S-बैंड सिग्नल के साथ काम करेगी। इससे नेविगेशन सेवाओं की उपयोगिता और आधुनिक रिसीवरों के साथ इसकी अनुकूलता बढ़ने की उम्मीद है।

कारगिल युद्ध के बाद महसूस हुई थी स्वदेशी नेविगेशन सिस्टम की जरूरत

भारत की अपनी सैटेलाइट नेविगेशन प्रणाली विकसित करने की जरूरत 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान महसूस हुई थी। उस समय सैन्य अभियानों के लिए भारत ने अमेरिका से GPS आधारित लोकेशन संबंधी जानकारी मांगी थी, लेकिन अमेरिका ने इसे साझा करने से इनकार कर दिया था। इस घटना ने भारत को अपनी स्वतंत्र नेविगेशन प्रणाली विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इसी दिशा में भारत ने IRNSS यानी इंडियन रीजनल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम विकसित किया, जिसे बाद में ‘नाविक’ नाम दिया गया। यह अमेरिकी GPS, रूस के GLONASS और चीन के BeiDou की तरह सैटेलाइट आधारित नेविगेशन प्रणाली है, लेकिन इसका कवरेज मुख्य रूप से भारत और आसपास के क्षेत्र तक सीमित है।

NVS-03 का सफल प्रक्षेपण इस स्वदेशी प्रणाली को बनाए रखने और आधुनिक बनाने की दिशा में अहम कदम है। उपग्रह को ट्रांसफर ऑर्बिट में स्थापित किए जाने के बाद उसे निर्धारित परिचालन कक्षा तक पहुंचाने और उसकी प्रणालियों की जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Share.
Next Story
एक महीना बीतने के बाद भी नहीं सुलझी 33 करोड़ के केनरा बैंक लूटकांड की गुत्थी… 20 सदस्यीय SIT के हाथ अभी भी खाली
Exit mobile version