Friday, October 30

डेयरी फार्म में राम उरांव को मारी गोली, वारदात के बाद फरार हुए आरोपी; तीन अन्य की तलाश में छापेमारी जारी

रांची: जिले के मांडर थाना क्षेत्र के टिको गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सेवाड़ी गांव निवासी राम उरांव के रूप में हुई है। घटना गुरुवार की रात टिको गांव स्थित बालचन्द महतो के डेयरी फार्म में हुई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

कई सालों से चल रहा था जमीन विवाद

जानकारी के अनुसार, राम उरांव का कारु सिंह (निवासी एडरा गांव, थाना ठाकुरगांव) के साथ पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुरुवार की रात कारु सिंह हथियार लेकर टिको गांव स्थित बालचन्द महतो के डेयरी फार्म पहुंचा। वहां उसने डेयरी मालिक से राम उरांव के आने का समय पूछा।

बताया जा रहा है कि जैसे ही राम उरांव डेयरी फार्म पहुंचे, कारु सिंह ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से राम उरांव की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गया।

छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी, तीन गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में आरोपियों ने आपसी विवाद के कारण घटना को अंजाम देने की बात बताई है।

वहीं, मामले में शामिल अन्य तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Share.
Next Story
चतरा में 16 हाथियों के झुंड का तांडव, चार घरों को तोड़ा, 10 क्विंटल अनाज बर्बाद
Exit mobile version