Saturday, October 31

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत रांची में वॉकाथॉन का आयोजन, प्रदेशभर में ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश दे रहा बैंक

रांची। भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और बैंकिंग व्यवस्था में ईमानदारी एवं पारदर्शिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झारखंड ग्रामीण बैंक की ओर से पूरे प्रदेश में सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को बैंक के प्रधान कार्यालय, रांची में वॉकाथॉन (पैदल मार्च) का आयोजन किया गया। इसमें 70 से अधिक बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और लोगों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक रहने का संदेश दिया।

केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC), नई दिल्ली के निर्देश पर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित इस अभियान का नेतृत्व बैंक के अध्यक्ष मदन मोहन बरियार कर रहे हैं। अभियान के तहत बैंक की ओर से प्रदेशभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

ईमानदारी की शपथ के साथ अभियान की शुरुआत

सतर्कता जागरूकता सप्ताह की शुरुआत 26 अक्टूबर को हुई थी। इस दिन बैंक के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा की शपथ ली। इसके बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न गतिविधियां शुरू की गईं। शनिवार को आयोजित वॉकाथॉन इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी रही।

अन्य जिलों में भी आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम

रांची के अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों में स्थित बैंक के क्षेत्रीय कार्यालयों की ओर से भी वॉकाथॉन और अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से बैंक के ग्राहकों और बैंक से जुड़े लोगों को भ्रष्टाचार से दूर रहने, ईमानदारी अपनाने तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने निभाई सक्रिय भूमिका

इस अभियान को सफल बनाने में झारखंड ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक सिंकू कुमार परीरा, राजीव कुमार सिंह और मेवा आनंद के अलावा सहायक महाप्रबंधक रविन्द्र कुमार सिन्हा, संजय कुमार एवं मुकेश कुमार वर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं मुख्य प्रबंधक मनोज कुमार ठाकुर ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बैंक प्रबंधन के अनुसार, सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों और ग्राहकों को भी भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है।

Share.
Next Story
छठ की तैयारियों को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी है, नगर आयुक्त द्वारा तालाबों का निरीक्षण किया जा रहा…वही गहरे पानी वाले हिस्सों में बैरिकेडिंग की तैयारियां तेज कर दी गई है
Exit mobile version