कभी गोलियों की गूंज से दहलते थे जंगल, अब सड़कों, शिक्षा और विकास की नई उम्मीदों के साथ बदल रही है तस्वीर
रांची। 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर देश के 28वें राज्य के रूप में झारखंड अस्तित्व में आया था। अलग राज्य के लिए वर्षों तक चले आंदोलन और संघर्ष के बाद यहां के लोगों ने बेहतर भविष्य का सपना देखा था। उम्मीद थी कि नए राज्य में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। लेकिन राज्य गठन के बाद झारखंड को कई बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इनमें नक्सलवाद सबसे गंभीर समस्याओं में से एक था।
नक्सली हिंसा के कारण राज्य के कई जिले लंबे समय तक प्रभावित रहे। जंगल और पहाड़ी इलाकों में भय का माहौल था। नक्सली गतिविधियों के चलते सड़क, पुल, स्कूल और अस्पताल जैसी विकास योजनाओं का काम भी प्रभावित होता रहा। इस हिंसा में कई ग्रामीणों और सुरक्षाबलों के जवानों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
नक्सलवाद के खिलाफ झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और झारखंड जगुआर ने लगातार अभियान चलाया। जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कई बड़े नक्सली नेता गिरफ्तार किए गए, जबकि अनेक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का रास्ता चुना। लगातार अभियान से नक्सलवाद का खात्मा हुआ,जिन क्षेत्रों में कभी विकास कार्यों को लेकर मुश्किलें थीं, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है।


