Saturday, November 21

रांची: 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में झारखंड की पारंपरिक माटी कला लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और हस्तशिल्प को मेले में खास पहचान दिलाई है। झारखंड पवेलियन में कारीगरों की ओर से टेराकोटा कला का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

इस प्रदर्शनी की खास बात यह है कि यहां लोग सिर्फ मिट्टी से बने तैयार उत्पादों को देख ही नहीं रहे, बल्कि उन्हें बनते हुए भी देख सकते हैं। कारीगर अपनी पारंपरिक कला के जरिए मिट्टी को अलग-अलग आकार देकर उपयोगी और आकर्षक सामान तैयार कर रहे हैं। इनमें ट्रे, सुराही, कप, गिलास, थाली और केतली जैसे उत्पाद शामिल हैं।

अपनी आंखों के सामने उत्पाद बनते देख रहे पर्यटक

झारखंड पवेलियन में आयोजित लाइव डेमो पर्यटकों के लिए खास अनुभव बन रहा है। यहां आगंतुक अपनी पसंद के उत्पादों को कारीगरों के हाथों तैयार होते देख सकते हैं। इतना ही नहीं, उन्हें खुद भी मिट्टी से उत्पाद बनाने की कला आजमाने का अवसर मिल रहा है। तैयार सामान को सीधे कारीगरों से खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे पारंपरिक हस्तशिल्प को देखने के साथ उसे खरीदने का मौका भी मिल रहा है।

मिट्टी से बने ये हस्तनिर्मित उत्पाद पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ झारखंड की पारंपरिक कला और कारीगरों के हुनर को भी प्रदर्शित कर रहे हैं।

कारीगरों को पहचान और बाजार दिलाने की पहल

झारखंड सरकार राज्य की पारंपरिक कला और शिल्प को संरक्षित करने के साथ स्थानीय कारीगरों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से माटी कला बोर्ड की परिकल्पना की गई है। इसके माध्यम से पारंपरिक कुम्हारों और माटी शिल्पकारों को पहचान दिलाने, उनके कौशल को विकसित करने, आधुनिक डिजाइन से जोड़ने और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।

राष्ट्रीय मंच पर दिख रही झारखंड की सांस्कृतिक विरासत

IITF-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य की माटी कला को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। इस पहल से स्थानीय कारीगर सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रहे हैं। साथ ही, उनके उत्पादों के लिए नए बाजार तैयार होने और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावनाएं भी बन रही हैं। व्यापार मेले में झारखंड की यह प्रस्तुति राज्य की पारंपरिक विरासत को नई पहचान देने के साथ कारीगरों के हुनर को व्यापक मंच उपलब्ध करा रही है।

Share.
Next Story
शोध केवल थ्योरी तक सीमित न रहे, वास्तविक समस्याओं का समाधान बने : प्रो. ऋषिकेश टी. कृष्णन
Exit mobile version