Saturday, November 21

नई दिल्ली/रांची। भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के पारंपरिक सिल्क और खादी उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। झारक्राफ्ट और झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल पर राज्य के हथकरघा, हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों की अलग-अलग रेंज उपलब्ध है। खासकर झारक्राफ्ट की तसर, मलबेरी और बनारसी सिल्क साड़ियों के प्रति खरीदारों की दिलचस्पी देखने को मिल रही है। आम लोगों के लिए मेला खुलने के बाद स्टॉल पर आगंतुकों की संख्या बढ़ी है, जिसका असर बिक्री पर भी पड़ रहा है।

2 हजार से 20 हजार रुपये तक की सिल्क साड़ियां

झारक्राफ्ट के स्टॉल पर तसर, मलबेरी और बनारसी सिल्क की साड़ियों की पूरी रेंज उपलब्ध है। इनकी कीमत 2,000 रुपये से लेकर 20,000 रुपये तक है। पारंपरिक बुनाई और आकर्षक डिजाइन वाली साड़ियों के अलावा दुपट्टे, कॉटन बेडशीट और अन्य कपड़े भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। सिल्क की गुणवत्ता और वस्त्र उत्पादों की विविधता स्टॉल की खासियत बनी हुई है।

खादी के कपड़ों के साथ हर्बल उत्पादों की भी मांग

झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल पर भी लोगों को खादी उत्पादों की विस्तृत रेंज मिल रही है। यहां खादी से बनी जैकेट, शॉल, साड़ियां, पैंट और दुपट्टे उपलब्ध हैं। इसके अलावा शैंपू, फेसवॉश, हर्बल हेयर ऑयल और बॉडी लोशन जैसे व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पाद भी आगंतुकों की रुचि बढ़ा रहे हैं।

आम लोगों के लिए मेला खुलने के बाद बढ़े खरीदार

झारक्राफ्ट के स्टॉल संचालक जायल ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार B2B कारोबार के दौरान बिक्री अपेक्षाकृत धीमी रही। हालांकि, आम जनता के लिए मेला खुलने के बाद स्टॉल पर आने वाले लोगों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे बिक्री को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मेले के आगामी दिनों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने के साथ झारक्राफ्ट के उत्पादों की मांग और बिक्री में भी इजाफा होगा।

राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की पारंपरिक कला को पहचान

IITF-2026 के माध्यम से झारखंड के पारंपरिक हथकरघा, रेशम उत्पादन और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। झारक्राफ्ट स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को बाजार से जोड़ने के साथ उनके उत्पादों को नए ग्राहकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस तरह व्यापार मेले में झारखंड के पारंपरिक कौशल, कला और स्थानीय उद्यमिता को व्यापक पहचान मिल रही है।

Share.
Next Story
कई दिनों से कमरे में पड़ा रहा शव , कतरास में कमरे से मिला 50 वर्षीय अविवाहित व्यक्ति का शव
Exit mobile version